जम्मू के रामबन में पहाड़ बरसाने लगे पत्थर, गाड़ी सवारी छोड़ भागने लगे लोग
जम्मू कश्मीर के रामबन ज़िले में रविवार को लैंडस्लाइड हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों में अफरातफरी का माहौल मच गया

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में रविवार को लैंड स्लाइड होने से हड़कंप मच गया। रामबन ज़िले में पहाड़ों से पत्थर गिरता देख लोगों के बीच अफरातफरी का माहौल पनप गया और वे इधर इधर अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
यह हादसा रामबन ज़िले में जम्मू श्रीनगर हाईवे पर हुआ। पंथियाल इलाके में टी 5 सुरंग के आसपास लोगों को बड़े बड़े पत्थर दिखाए दिए। जिसके बाद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। यह घटना रविवार सुबह ग्यारह बजे की बताई जा रही है।
रामबन की एसएसपी मोहिता शर्मा ने अपने ट्विटर हैंडल पर इस घटना का वीडियो साझा किया है। जिसमें बड़े बड़े पत्थर सुरंग के दरवाजे पर गिरते दिखाई दे रहे हैं। रामबन में लैंड स्लाइड होने की खबर मिलते ही नेशनल हाईवे को खाली करा लिया गया था। बाद में मोहिता शर्मा ने बताया कि अब साफ सफाई भी कर ली गई है।
NH 44 UPDATE:
— Mohita Sharma (@mohita_ips) April 2, 2023
Just now at the mouth of T5 @ panthyal
NH Closed till further clearance.@OfficeOfLGJandK @JmuKmrPolice @ZPHQJammu @igpjmu @Traffic_hqrs @JKTransportDept @Rameshkumarias @diprjk @RambanPolice @dcramban pic.twitter.com/FZyMCmHxMW
पत्थर गिरने की खबर मिलने के दो घंटे बाद तक हाइवे बंद रहा। इस दौरान हाईवे से पत्थर हटाए जाने का काम चल रहा था। हाईवे से पत्थर हटाए जाने के बाद एक बार फिर उसे खोल दिया गया। गनीमत रही कि इस दौरान किसी तरह की जानहानि नहीं हुई। पत्थर गिरते समय सेना का काफिला भी मौके से गुजर रहा था, इस दौरान सेना की एक गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
880 मीटर लंबे टनल 5 को बीते 16 मार्च को ही खोला गया था। पंथियाल के पहाड़ी इलाके में अमूमन लैंडस्लाइड की घटनाएं होती रहती हैं ऐसे में टनल के बनने से लोगों को राहत पहुंची है। हालांकि यह इलाका काफ़ी संवदेनशील है। जम्मू कश्मीर के डिप्टी कमिश्नर मुसरत इस्लाम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नेशनल हाईवे अथॉरिटी को ज़रूरी कदम उठाने के लिए कहा है ताकि संवेदनशील इलाके से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।