लालू यादव आज सिंगापुर से लौट रहे हैं भारत, बेटी रोहिणी का भावुक ट्वीट- मैने अपना फर्ज निभाया

लालू यादव की बेट रोहिणी आचार्य ने कहा कि 11 फरवरी को पापा सिंगापुर से भारत जा रहे हैं। अब आप लोग पापा का ख्याल रखियेगा

Updated: Feb 11, 2023, 05:02 AM IST

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव सिंगापुर से आज भारत वापस आ रहे हैं। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। इसके साथ ही रोहिणी आचार्य ने लालू यादव का ख्याल रखने के लिए लोगों से अपील भी की।

रोहिणी ने ट्वीट किया, "आप सबसे एक जरूरी बात कहनी है. यह जरूरी बात हम सबों के नेता आदरणीय लालू जी के स्वास्थ्य को लेकर है। 11 फरवरी को पापा सिंगापुर से भारत जा रहे हैं। मैं एक बेटी के तौर पर अपना फर्ज अदा कर रही हूँपापा को स्वस्थ्य कर आप सब के बीच भेज रही हूँ..पापा को स्वस्थ रखना अब आप सबकी जिम्मेवारी होनी चाहिए। अब आप लोग पापा का ख्याल रखियेगा।"

रोहिणी ने अन्य ट्वीट में लिखा है कि, "चिकित्सकों ने कहा है कि पापा को इंफेक्शन से बचाना होगा। ज्यादा लोगों से मिलने को लेकर चिकित्सकों ने मना किया है। चिकित्सकों ने कहा है कि यदि किसी से मिलना भी है तो सबको मास्क पहन कर मिलना है। पापा भी जब किसी से मिले तो मास्क पहन लें। ऐसा डॉक्टरों ने सलाह दी।"

बता दें कि 5 दिसंबर 2022 को सिंगापुर में लालू यादव का किडनी ट्रांसप्लांट किया गया था। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने ही अपने पिता को किडनी डोनेट किया है। लालू यादव की सात बेटियों और दो बेटों में रोहिणी दूसरे नंबर की बेटी हैं। माना जा रहा है कि लालू यादव के देश वापसी के बाद एकबार फिर वह राजनीति में सक्रिय हो सकते हैं।