नेता प्रतिपक्ष रबर स्टैंप नहीं, CBI डायरेक्टर की चयन प्रक्रिया पर राहुल गांधी ने जताई आपत्ति

CBI डायरेक्टर की चयन प्रक्रिया में शामिल होने से राहुल गांधी ने इनकार कर दिया है। उन्होंने अपने डिसेंट नोट में कहा कि वह पक्षपातपूर्ण प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बनना चाहते।

Updated: May 13, 2026, 12:55 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सीबीआई डायरेक्टर के चयन प्रक्रिया पर आपत्ति जताई है। उन्होंने डिसेंट नोट देते हुए कहा कि वह इस पक्षपातपूर्ण प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बनना चाहते। अपने दो पन्नों के डिसेंट नोट में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चयन प्रक्रिया को महज एक औपचारिकता बना दिया है और विपक्ष का नेता (LoP) महज एक रबर स्टैंप नहीं हो सकता।

मंगलवार को सीबीआई डायरेक्टर की चयन प्रक्रिया को लेकर प्रधानमंत्री आवास में बैठक हुई थी। राहुल गांधी भी इस मीटिंग में शामिल होने के लिए 7 लोक कल्याण मार्ग पहुंचे थे। प्रधानमंत्री आवास पर हुई मीटिंग में राहुल गांधी के अलावा चीफ जस्टिस सूर्यकांत बतौर सदस्य शामिल हुए थे। इस मीटिंग में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना डिसेंट नोट सौंपा।

राहुल ने इसे X पर भी साझा किया है। राहुल ने अपने नोट में कहा, 'चयन समिति को महत्वपूर्ण जानकारी न देकर, सरकार ने इसे महज एक औपचारिकता बना दिया है। विपक्ष का नेता कोई रबर स्टैंप नहीं है।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं इस पक्षपातपूर्ण प्रक्रिया में भाग लेकर अपने संवैधानिक कर्तव्य से पीछे नहीं हट सकता। इसलिए, मैं कड़े शब्दों में अपना विरोध दर्ज कराता हूं।'

राहुल गांधी ने अपने डिसेंट नोट में लिखा, 'मैं आपको केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के अगले डायरेक्ट की सिफारिश करने के लिए गठित समिति के अध्यक्ष के तौर पर लिख रहा हूं, ताकि मैं इसकी कार्यवाही पर अपना विरोध दर्ज करा सकूं। आपकी सरकार ने बार-बार CBI का दुरुपयोग किया है, ताकि राजनीतिक विरोधियों, पत्रकारों और आलोचकों को निशाना बनाया जा सके।'

उन्होंने आरोप लगााय कि बार-बार लिखित अनुरोध करने के बावजूद, उन्हें पात्र उम्मीदवारों की सेल्फ-अप्रेजल रिपोर्ट या 360-डिग्री रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। उन्होंने कहा, 'इसके बजाय, मुझसे यह उम्मीद की गई कि मैं समिति की बैठक के दौरान पहली बार उन 69 उम्मीदवारों के अप्रेजल रिकॉर्ड की जांच करूं। मुझे 360-डिग्री रिपोर्ट देने से तो पूरी तरह ही इनकार कर दिया गया।'