ओडिशा में 40 हजार से ज्यादा महिलाएं गायब हुईं, भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पर बरसे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि ओडिशा में 40,000 से ज्यादा महिलाएं गायब हो गई हैं। आज तक नहीं मालूम कि ये महिलाएं कहां पर गईं।

भुवनेश्वर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुकवार को भुवनेश्वर ने ओडिशा कांग्रेस के पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में शामिल हुए। इसके साथ ही उन्होंने भुवनेश्वर के बारामुंडा मैदान में एक विशाल रैली ‘संविधान बचाओ समावेश’ को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि ओडिशा में 40,000 से ज्यादा महिलाएं गायब हो गई हैं।
राहुल गांधी ने कहा, 'ओडिशा में 40 हजार से ज्यादा महिलाएं गायब हो गई हैं, लेकिन आज तक किसी को नहीं पता कि यह महिलाएं कहां गईं। यहां महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। ओडिशा में हर दिन 15 महिलाओं का रेप होता है, लेकिन यहां की सरकार को इससे कोई मतलब नहीं है। ये सरकार 24 घंटे सिर्फ आपकी जमीन छीनने का काम करती है। इसलिए मैं आपको बताना चाहता हूं- जब भी आपको मेरी और कांग्रेस पार्टी की जरूरत होगी, हम आपके साथ खड़े रहेंगे। जब भी आपको मुझे बुलाना हो, जहां भी ले जाना हो, मैं हमेशा तैयार हूं। मैं BJP सरकार को यहां से हटाना चाहता हूं।'
राहुल गांधी ने आगे कहा, 'तेलंगाना में हुए जातिगत सर्वे ने कमाल कर दिया है। इसने तेलंगाना के हर नागरिक को समझा दिया कि प्रदेश में कितने लोग कौन से वर्ग के हैं। OBC कितने हैं, दलित कितने हैं, आदिवासी कितने हैं, गरीब जनरल कास्ट के कितने लोग हैं? एक प्रकार से कांग्रेस सरकार ने तेलंगाना का X-ray किया है। सरकार को अब मालूम है कि कितना धन किसके हाथ में है, किसकी कितनी आबादी है?'
कांग्रेस नेता ने कहा कि, 'हमें ओडिशा में भी पता लगाना है कि दलित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग, गरीब जनरल कास्ट के कितने लोग हैं, क्योंकि हम चाहते हैं कि सरकार में, इकोनॉमी में, विकास में सबको भागीदारी मिले। आज ओडिशा के पिछड़े वर्ग को, दलितों को, आदिवासियों को... न सरकार में जगह मिलती है, न कॉर्पोरेट में, न ब्यूरोक्रेसी में। अगर हमें ओडिशा में बदलाव लाना है, तो जाति जनगणना हमारा औजार है, क्योंकि इसी से आपको अपनी ताकत समझ आएगी। जिस दिन आपको अपनी ताकत समझ आ गई, उसी दिन आप इस सरकार को गिराकर फेंक देंगे।'
राहुल गांधी ने कहा, ‘अडानी ओडिशा सरकार चलाते हैं, अडानी नरेंद्र मोदी को चलाते हैं। जब ओडिशा में जगन्नाथ यात्रा निकाली जाती है, जब जगन्नाथ यात्रा के रथ खींचे जाते हैं, तो लाखों लोग इसे देखते हैं और इसका अनुसरण करते हैं। फिर, एक नाटक होता है। अडानी और उनके परिवार के लिए रथ रोक दिए जाते हैं। इससे आपको ओडिशा सरकार के बारे में सब कुछ समझ में आ जाएगा। यह ओडिशा सरकार नहीं है, यह अडानी जैसे 5-6 अरबपतियों की सरकार है। इसका लक्ष्य आपकी जमीन, जंगल और भविष्य को चुराना है।’
इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने संबोधन कहा कि जब ओडिशा में हमारी नेता इंदिरा गांधी जी आई थीं, तब उन्होंने कहा था- "मैं आज यहां हूं... कल शायद यहां न रहूं। मुझे चिंता नहीं कि मैं रहूं या न रहूं। मुझे गर्व है कि मैंने अपना जीवन अपने लोगों की सेवा में बिताया है। मैं अपनी आखिरी सांस तक ऐसा करती रहूंगी। जब मैं मरूंगी तो मेरे खून का एक-एक कतरा भारत को मजबूत करने में लगेगा" खड़गे ने पूछा कि क्या BJP में ऐसी बात करने वाला कोई भी है? उन्होंने कहा कि देश के लिए महात्मा गांधी जी, इंदिरा गांधी जी, राजीव गांधी जी ने अपनी जान दे दी- ये कांग्रेस के नेता हैं। आज राहुल गांधी जी भी देश को एक रखने के लिए सत्याग्रह कर रहे हैं।