नासिक पुलिस को राहुल गांधी पर हमले का इनपुट, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सुरक्षा बढ़ाने के दिए निर्देश

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस, यूपी व मध्य प्रदेश पुलिस से राहुल गांधी की सुरक्षा कड़ी करने को कहा है। आज उनकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश कर रही है।

Updated: Mar 02, 2024, 10:02 AM IST

नई दिल्ली। महाराष्ट्र की नासिक पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमले की आशंका जताई है। नासिक पुलिस ने बम हमले की इनपुट के आधार पर केंद्रीय गृह मंत्रालय को अलर्ट किया है। वहीं, नासिक पुलिस के इनपुट को गंभीरता से लेते हुए गृह मंत्रालय ने राहुल गांधी की सुरक्षा कड़ी कर दी है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस, यूपी व मध्य प्रदेश पुलिस से राहुल गांधी की सुरक्षा कड़ी करने को कहा है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से अमर उजाला ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि गृह मंत्रालय के आदेश के बाद 24 अकबर रोड स्थित उनके आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके आवास के पास पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। साथ ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।

रिपोर्ट में स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से लिखा गया है कि गृह मंत्रालय ने महाराष्ट्र पुलिस व दिल्ली पुलिस को इनपुट को जांचने के आदेश दिए हैं। दोनों राज्यों की पुलिस ये पता कर रही है राहुल गांधी पर हमले के जो इनपुट मिले हैं वह कितने गंभीर हैं। स्पेशल सेल को जांच में लगाया गया है। बता दें कि राहुल गांधी को अभी जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश कर रही है। शनिवार दोपहर 2 बजे राहुल गांधी चंबल पुल को क्रॉस कर राजस्थान से मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेंगे। धौलपुर से यात्रा सबसे पहले मुरैना जिले में प्रवेश। यहां उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे जनसभा करेंगे। राज्य में राहुल गांधी पांच दिन रहेंगे।