चुनाव प्रचार के बीच नीतीश कुमार की तबियत बिगड़ी, CM के सारे कार्यक्रम स्थगित

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अस्वस्थ हो गए हैं। रविवार को भी वह कई योजनाओं का शिलान्यास करने वाले थे लेकिन अचानक उनका कार्यक्रम रद्द हो गया।

Updated: Aug 25, 2025, 10:04 AM IST

पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज है। सभी दलों के नेता राज्यभर में लगातार चुनावी दौरे कर रहे हैं। इसी बीच राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तबियत बिगड़ने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि सीएम नीतीश अस्वस्थ हो गए हैं। नतीजतन उनके सारे पूर्वनिर्धारित कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से अचानक कार्यक्रम रद्द किए जाने अपरिहार्य कारण बताया गया है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स से जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक सीएम नीतीश कुमार के अस्वस्थ होने के कारण ही कार्यक्रम को रद्द किया गया है। अब दूसरे दिन उनके आगे के कार्यक्रम किए जाएंगे।

बता दें कि हाल के वर्षों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सेहत को लेकर सियासत भी खूब होती रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और जन सुराज पार्टी के सूत्रधार अक्सर उनको 'बीमार' और 'अनफिट' बताते रहते हैं। वहीं जब नीतीश कुमार महागठबंधन में थे, तब सम्राट चौधरी और चिराग पासवान समेत तमाम नेता भी सवाल उठाते थे। हालांकि, इसपर सीएम नीतीश ने कभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।