फिर गरजा वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई का बल्ला, 10 साल के आशीर्वाद ने 168 रन बना बटोरी सुर्खियां
भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के 10 वर्षीय छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने समस्तीपुर के एक स्थानीय मैच में बल्ले से गदर मचा दिया है। उन्होंने महज 119 गेंदों में 19 चौके और 6 छक्के जड़ते हुए 168 रनों की तूफानी पारी खेली।
भारतीय क्रिकेट में तेजी से उभर रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी अब अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से चर्चा में आने लगे हैं। महज 10 साल की उम्र में आशीर्वाद ने एक स्थानीय क्रिकेट मुकाबले में 119 गेंदों पर 168 रन की धमाकेदार पारी खेलकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत ऋषभ 11 गंगापुर ने वैशाली की टीम को एकतरफा मुकाबले में शिकस्त दी।
समस्तीपुर में खेले गए इस मैच में आशीर्वाद ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया हुआ था। उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और विपक्षी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। अपनी 168 रन की पारी के दौरान उन्होंने 19 चौके और 6 छक्के लगाए थे। मैच खत्म होने के बाद आशीर्वाद ने अपनी इस उपलब्धि की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए भी साझा की।
यह भी पढ़ें:तकनीकी गड़बड़ी के चलते रास्ता भटका एयर इंडिया का विमान, गलती से पाकिस्तानी एयरस्पेस में घुसा
यह लगातार दूसरा मौका है जब आशीर्वाद ने शतकीय पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। इससे पहले इसी महीने उन्होंने ताजपुर क्रिकेट अकादमी की ओर से एक स्थानीय अभ्यास मैच में 87 गेंदों पर 103 रन बनाए थे। उस मुकाबले में भी उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 चौके और एक छक्का जड़ा था और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
आशीर्वाद के लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब उन पर भी टिकने लगी हैं। परिवार का मानना है कि उनमें भी बड़े भाई वैभव की तरह आगे बढ़ने की क्षमता है। उनके पिता संजीव सूर्यवंशी पहले ही कह चुके हैं कि वे आशीर्वाद को भी आने वाले सालों में एक बेहतरीन क्रिकेटर के रूप में तैयार करना चाहते हैं। आशीर्वाद फिलहाल बिहार में नियमित रूप से क्रिकेट प्रशिक्षण ले रहे हैं और अपनी तकनीक को निखारने में जुटे हैं।
यह भी पढ़ें:MP: शिवपुरी में सिलेंडर ब्लास्ट, एक बच्ची समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत
आशीर्वाद की शानदार पारी पर परिवार में भी खुशी का माहौल है। उनके चाचा राजीव सूर्यवंशी ने कहा कि लगातार मेहनत और मैदान पर प्रदर्शन को देखकर पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आशीर्वाद भविष्य में समस्तीपुर, बिहार और देश का नाम रोशन करेंगे। सूर्यवंशी परिवार में तीन भाई हैं। सबसे बड़े उज्ज्वल सूर्यवंशी हैं। जबकि वैभव दूसरे और आशीर्वाद सबसे छोटे हैं। माता-पिता संजीव और आरती सूर्यवंशी ने दोनों बेटों के क्रिकेट करियर को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
हालांकि, आशीर्वाद और वैभव की बल्लेबाजी शैली में एक अंतर है। वैभव बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। जबकि, आशीर्वाद दाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। इसके बावजूद दोनों की खेल शैली काफी हद तक मिलती-जुलती है। आक्रामक बल्लेबाजी, बेहतरीन टाइमिंग और बड़े शॉट खेलने की क्षमता आशीर्वाद की पहचान बनती जा रही है।
यह भी पढ़ें:भोपाल नगर निगम ने अशोका गार्डन इलाके में 4 मंजिला भवन ढहाया, कांग्रेस ने लगाए दबाव में कार्रवाई करने के आरोप




