रोहित शर्मा-अलका याग्निक समेत 65 हस्तियों को मिला पद्म पुरस्कार, राष्ट्रपति मुर्मू ने किया सम्मानित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में दूसरे सिविल इन्वेस्टिचर समारोह में 65 हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किया। सम्मान पाने वालों में रोहित शर्मा, ममूटी, विजय अमृतराज और अलका याज्ञनिक शामिल हैं।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आज शाम आयोजित होने वाले दूसरे सिविल इन्वेस्टिचर समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश के 65 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। आधिकारिक बयान के अनुसार, इस चरण में दो पद्म विभूषण, सात पद्म भूषण और 56 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किया गया। इनमें क्रिकेटर रोहित शर्मा, टेनिस दिग्गज विजय अमृतराज, अभिनेता ममूटी और प्रसिद्ध पार्श्व गायिका अलका याज्ञनिक जैसी कई चर्चित हस्तियां शामिल हैं।
केंद्र सरकार ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वर्ष 2026 के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की थी। इनमें पांच पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले समारोहों के जरिए इन पुरस्कारों को अलग-अलग चरणों में प्रदान किया जा रहा है। आज का कार्यक्रम इसी श्रृंखला का दूसरा सिविल इन्वेस्टिचर समारोह है।
पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में गिने जाते हैं। इन्हें तीन श्रेणियों, पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री में प्रदान किया जाता है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान करना है।
इन सम्मानों के लिए कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान एवं अभियांत्रिकी, लोक प्रशासन, व्यापार एवं उद्योग सहित कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले लोगों का चयन किया जाता है। साल 1954 में शुरू किए गए इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है।
सरकार द्वारा घोषित 131 पुरस्कार विजेताओं में इस बार 19 महिलाएं भी शामिल हैं। जबकि, 16 व्यक्तियों को मरणोपरांत सम्मानित किया गया। आज के समारोह में सम्मान पाने वाले प्रमुख नामों में विजय अमृतराज, ममूटी, अलका याज्ञनिक और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा विशेष रूप से शामिल हैं।




