भोपाल में कोचिंग सेंटर्स पर फायर विभाग का एक्शन, 40 संस्थानों को नोटिस

भोपाल में फायर विभाग ने कोचिंग संस्थानों में भारी सुरक्षा खामियों को लेकर बड़ा एक्शन लिया है। मशहूर संस्थान फिजिक्स वाला के खिलाफ सीलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Updated: Jun 24, 2026, 07:41 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के दौरान फायर विभाग को कई गंभीर खामियां मिली हैं। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने शहरभर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया है। जांच के बाद करीब 40 कोचिंग सेंटर्स के खिलाफ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जबकि, एक प्रमुख कोचिंग संस्थान फिजिक्स वाला के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।

फायर ऑफिसर सौरभ पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने हाल ही में शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। यह अभियान देश के अलग-अलग शहरों में कोचिंग संस्थानों से जुड़ी घटनाओं के बाद एहतियात के तौर पर शुरू किया गया है। जांच के दौरान कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं पाया गया। जिससे विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।

यह भी पढ़ें:छिंदवाड़ा में कुएं का पानी पीते ही 30 ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ी, बाल्टी में मिला ज़हर का पैकेट

अधिकारियों के अनुसार, कई कोचिंग सेंटर्स में फायर फाइटिंग सिस्टम तो स्थापित और कार्यशील अवस्था में मिला लेकिन सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण प्रावधानों में गंभीर कमियां सामने आई। कई जगहों पर पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं था। जबकि, आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए जरूरी इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था भी अधूरी या अपर्याप्त पाई गई। इसके अलावा कुछ संस्थानों के पास आवश्यक अनुमतियां और सुरक्षा संबंधी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे।

निरीक्षण के दौरान फिजिक्स वाला नामक कोचिंग संस्थान में भी फायर सेफ्टी मानकों से जुड़ी खामियां और जरूरी दस्तावेजों की कमी सामने आई। जिसके बाद विभाग ने उसके खिलाफ सीलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि यदि अन्य संस्थानों में भी इसी तरह की लापरवाही पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:फिर गरजा वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई का बल्ला, 10 साल के आशीर्वाद ने 168 रन बना बटोरी सुर्खियां

फायर विभाग का कहना है कि केवल अग्निशमन उपकरण लगाना ही पर्याप्त नहीं है। छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भवन में उचित वेंटिलेशन, आपातकालीन निकासी मार्ग, सुरक्षा मानकों के अनुरूप संरचना और सभी आवश्यक अनुमतियां होना भी अनिवार्य है।

फायर ऑफिसर सौरभ पटेल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिली खामियों का विस्तृत विवरण तैयार किया जा रहा है। रिपोर्ट पूरी होने के बाद संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

यह भी पढ़ें:तकनीकी गड़बड़ी के चलते रास्ता भटका एयर इंडिया का विमान, गलती से पाकिस्तानी एयरस्पेस में घुसा

फिलहाल फायर विभाग की टीम शहर के अन्य कोचिंग संस्थानों का भी निरीक्षण कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी आपात स्थिति में छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।