कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम ढहा, पांच लोगों की दबकर मौत, 40 से अधिक के फंसे होने की आशंका
मलबे में दबे 13 लोगों का रेस्क्यू कर बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 9 घायलों को इलाज के लिए एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है।
कोलकाता। कोलकाता में बड़ा हादसा हुआ है। यहां तारातला थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर एक निर्माणाधीन गोदाम की छत गिर गई। इस हादसे में बड़ी संख्या में मजदूरों को दबे होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि यहां बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। यह इलाका पश्चिम कोलकाता में आता है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक दक्षिण कोलकाता के तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के पास बुधवार दोपहर 1.30 बजे निर्माणाधीन गोदाम का शेड अचानक गिर गया। घटना में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 40 से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका है। मलबे में दबे 13 लोगों का रेस्क्यू कर बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 9 घायलों को इलाज के लिए एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के वक्त गोदाम में कंक्रीट ढलाई का काम चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, रेस्क्यू में कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप, सिविल डिफेंस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज और सेना भी जुटी है। मलबे और लोहे की रॉड को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई है। गैस कटर से लोहे की छड़ों को काटा जा रहा है। मलबे में दबे मजदूरों-कर्मचारियों की चीखें भी सुनाई दे रही हैं, उनके जल्द से जल्द रेस्क्यू के प्रयास जारी हैं।
घटनास्थल पर मंत्री अग्निमित्रा पॉल और मंत्री कौशिक चौधरी पहुंच चुके हैं। राज्य सरकार ने लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070, 8697981070 और 033-22143526/22535185 जारी किए हैं। जानकारी के मुताबिक गोदाम की जमीन ओडिशा के व्यवसायी की थी जिन्होंने किसी प्रायवेट फर्म को इसे लीज पर दिया था।




