ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस्तीफा दिया, 10 साल में छठे प्रधानमंत्री ने छोड़ी कुर्सी

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस्तीफा देने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि उन्होंने किंग से बात की है और नए नेता के चुनाव तक केयरटेकर पीएम बने रहेंगे।

Updated: Jun 22, 2026, 02:57 PM IST

ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर ने ऐलान कर दिया है कि वह अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। अगले पीएम के चुने जाने तक वह इस पद पर बने रहेंगे। उन्होंने देश के नाम संबोधन में लोगों को बताया कि इस बारे में उन्होंने ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय से बात भी कर ली है। एंडी बर्नहम प्रधानमंत्री के पद पर बैठने और लेबर पार्टी के लीडर के तौर पर स्टार्मर की जगह लेने की दौड़ में सबसे आगे हैं।

इसके साथ ही ब्रिटेन में राजनीतिक अस्थिरता का दौर और आगे बढ़ गया है। पिछले 10 साल में कीर स्टार्मर छठे ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो कुर्सी छोड़ने जा रहे हैं। देश के नाम अपने संबोधन के आखिर में कीर स्टार्मर की आवाज भावुक होकर भर्रा गई। स्टारमर ने कहा कि अब मेरी पार्टी यह सवाल पूछ रही है कि क्या मैं अगले आम चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए सबसे सही व्यक्ति हूं। मैंने इस सवाल पर अपनी संसदीय पार्टी का जवाब सुन लिया है और मैं उस जवाब को सम्मान के साथ स्वीकार करता हूं।

कीर स्टार्मर ने आगे कहा कि वे सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे रहे हैं। स्टार्मर ने कहा कि अगले कुछ हफ्तों में नया लेबर नेता चुने जाने तक वे कार्यवाहक (केयरटेकर) प्रधानमंत्री के रूप में काम करते रहेंगे। कीर स्टार्मर पर पिछले कुछ दिनों में लगातार दबाव तेजी से बढ़ गया था कि वे लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे दें, ताकि एंडी बर्नहम नए ब्रिटिश प्रधानमंत्री बन सकें। पिछले हफ्ते उत्तरी इंग्लैंड के मेकरफील्ड उपचुनाव में एंडी बर्नहम ने दक्षिणपंथी प्रतिद्वंदी को हराकर बड़ी जीत हासिल की थी।

इस जीत के बाद प्रधानमंत्री पद के लिए उनका दावा और मजबूत हो गया था। अब उनको ही सत्ताधारी लेबर पार्टी का अगला नेता और ब्रिटेन का नया पीएम माना जा रहा है। बता दें कि जुलाई 2024 के आम चुनाव में कीर स्टार्मर ने 174 सीटों के बड़े बहुमत के साथ शानदार जीत हासिल की थी। लेकिन पिछले कुछ महीनों में उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल पर कई विवाद छाए रहे हैं। इनमें लेबर पार्टी के सीनियर नेता पीटर मेंडलसन को अमेरिका में ब्रिटेन का राजदूत बनाना भी शामिल है, जबकि उनके दोषी यौन अपराधी जेफरी एप्सटीन से संबंधों की जानकारी पहले से थी।