रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री, प्रवेश वर्मा समेत 6 ने ली मंत्री पद की शपथ
रेखा गुप्ता ने रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ ली। कार्यक्रम में पीएम मोदी, अमित शाह के अलावा बीजेपी शासित राज्यों के सीएम, डिप्टी सीएम भी मौजूद रहे।

नई दिल्ली। शालीमार बाग से भाजपा विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री बनीं। उन्होंने गुरुवार को रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ ली। कार्यक्रम में पीएम मोदी, अमित शाह के अलावा बीजेपी शासित राज्यों के सीएम, डिप्टी सीएम भी मौजूद रहे।
रेखा गुप्ता के साथ 6 मंत्रियों ने भी शपथ ली। इसमें अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल है।
शपथ से पहले रेखा गुप्ता ने गुरुवार सुबह मीडिया से बातचीत में कहा, 'यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं PM मोदी और पार्टी हाईकमान का शुक्रिया अदा करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की CM बनूंगी। मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी।'
दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास को भाजपा ने शीशमहल नाम दिया था। अरविंद केजरीवाल ने इसे बनवाया था। भाजपा का आरोप है कि केजरीवाल ने इसे बनवाने में नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों रुपए खर्च किए थे। भाजपा ने इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था।
बहरहाल, बीजेपी के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि 27 साल बाद पार्टी दिल्ली की सत्ता में वापस आई है। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की ओर से भी चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं।