सिक्किम फ्लैश फ्लड: मौतों का आंकड़ा 46 पहुंचा, सेना के चार और जवानों का शव बरामद

पिछले महीने चार अक्टूबर को उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील के ऊपर बादल फटने से तीस्ता नदी घाटी में अचानक बाढ़ आ गई थी।

Updated: Nov 24, 2023, 01:21 PM IST

गंगटोक। उत्तरी सिक्किम में पिछले महीने आई अचानक बाढ़ के मारने वालों की संख्या बढ़कर 46 तक जा पहुंची है। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए) ने गुरुवार को सेना के चार जवानों के शव बरामद होने की जानकारी दी।

एसएसडीएमए ने ताजा बुलेटिन में कहा कि अब तक कुल 15 सैन्यकर्मियों के शव बरामद किए गए हैं। हालांकि, एजेंसी ने उनकी पहचान या उन स्थानों के बारे में विस्तार से नहीं बताया जहां से शव बरामद किए गए हैं।

बता दें कि बीते महीने चार अक्टूबर को उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील के ऊपर बादल फटने से तीस्ता नदी घाटी में अचानक बाढ़ आ गई थी। इस बाढ़ कुल 23 सैन्यकर्मी बह गए थे। इनमें से 15 का शव बरामद किया जा चुका है वहीं 7 अब भी लापता हैं।

उधर सिक्किम में अचानक आई बाढ़ के बाद से अभी भी लापता लोगों का पता लगाने के लिए लगातार इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इस बाढ़ में करीब डेढ़ सौ लोग लापता हुए थे। जिनमें से अबतक 46 का शव बरामद किया गया है।