अपने दिग्गज नेता अहमद पटेल के निधन पर शोक में डूबी कांग्रेस, सोनिया गांधी ने कहा उनकी जगह कोई नहीं ले सकता

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक ज़ाहिर किया

Updated: Nov 25, 2020, 03:50 PM IST

Photo Courtesy: Priyana Gandhi Vadra/Twitter
Photo Courtesy: Priyana Gandhi Vadra/Twitter

नई दिल्ली। कांग्रेस के दिग्गज नेता अहमद पटेल के निधन पर पूरी कांग्रेस पार्टी शोक में डूब गई है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से लेकर तमाम वरिष्ठ नेताओं तक, सभी उनके जाने से मर्माहत हैं। अहमद पटेल का जाना कांग्रेस पार्टी के लिए मुश्किल वक्त में एक मज़बूत स्तंभ के ढह जाने जैसा है। उनके जाने से हुए नुकसान की भरपाई कर पाना कांग्रेस के लिए आसान नहीं होगा। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूरे गांधी परिवार के लिए यह सिर्फ एक वरिष्ठ राजनीतिक सहयोगी का जाना ही नहीं है, उनकी बेहद निजी क्षति भी है।

कांग्रेस अध्यक्ष का शोक संदेश बताता है कि अहमद पटेल की पार्टी में क्या जगह थी। सोनिया गांधी ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा है, "अहमद पटेल के निधन से मैंने एक ऐसे सहयोगी को खो दिया है, जिनकी पूरी ज़िंदगी कांग्रेस के लिए समर्पित थी। मैंने एक ऐसे कॉमरेड, भरोसेमंद सहयोगी और मित्र को खो दिया है, जिनकी जगह कोई और नहीं ले सकता। उनके परिवार के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं जुड़ी हैं। दुख की इस घड़ी में हम पूरी तरह उनके साथ हैं।"

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी अहमद पटेल के निधन पर बेहद भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है। राहुल गांधी ने ट्विटर पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा है, "आज का दिन दुखद से भरा हुआ है। श्री अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के एक मज़बूत स्तंभ थे। उनके जीवन के हर पल में, हरेक सांस में कांग्रेस रची-बसी थी और वे सबसे मुश्किल दौर में भी पार्टी के साथ खड़े रहे। पार्टी के लिए उनका योगदान अनमोल था। हम सब उनकी कमी महसूस करेंगे। मेरी संवेदनाएं और प्यार फैज़ल, मुमताज़ और परिवार के बाकी सदस्यों के साथ हैं।"

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कांग्रेस के बड़े नेता अहमद पटले के निधन पर शोक जाहिर किया है। प्रधानमंत्री ने अपने शोक संदेश में लिखा है, "अहमद पटेल जी के निधन से दुख हुआ। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में समाज की सेवा की। वे अपने तेज़ दिमाग़ और कांग्रेस पार्टी को मज़बूत बनाने में अहम भूमिका के लिए सदैव याद किए जाएंगे। उनके बेटे फैसल से बात करके अपनी संवेदनाएं ज़ाहिर कीं। अहमद भाई की आत्मा को शांति मिले।"

 

 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी कांग्रेस नेता अहमद पटले के निधन पर शोक जाहिर किया है। ट्विटर पर लिखे शोक संदेश में उन्होंने कहा है, "यह जानकर दुख हुआ कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल अब नहीं रहे।  संसदीय राजनीति में माहिर श्री पटेल के व्यक्तित्व में एक रणनीतिकार की क्षमता के साथ-साथ एक जननेता का आकर्षण भी था। उनके मिलनसार स्वभाव की वजह से उनकी मित्रता का दायरा सभी दलों तक फैला था। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और मित्रों के साथ हैं।" 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने अहमद पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए ट्विटर पर कई टिप्पणियां लिखी हैं, जिनसे मीडिया से दूर रहने वाले दिवंगत नेता की शख्सियत से जु़ड़ी कई खास बातों का पता चलता है। दिवंगत नेता को याद करते हुए दिग्विजय सिंह ने लिखा है, "अहमद पटेल नहीं रहे। एक अभिन्न मित्र विश्वसनीय साथी चला गया। हम दोनों सन् 77 से साथ रहे। वे लोकसभा में पहुँचे मैं विधान सभा में। हम सभी कॉंग्रेसीयों के लिए वे हर राजनैतिक मर्ज़ की दवा थे। मृदुभाषी, व्यवहार कुशल और सदैव मुस्कुराते रहना उनकी पहचान थी। कोई भी कितना ही ग़ुस्सा हो कर जाए उनमें यह क्षमता थी वे उसे संतुष्ट कर ही भेजते थे। मीडिया से दूर, पर कॉंग्रेस के हर फ़ैसले में शामिल। कड़वी बात भी बेहद मीठे शब्दों में कहना उनसे सीख सकता था। कॉंग्रेस पार्टी उनका योगदान कभी भी नहीं भुला सकती। अहमद भाई अमर रहें।"