जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान मची भगदड़, 3 श्रद्धालुओं की मौत और 50 घायल

रविवार तड़के करीब 4 बजे गुंडिचा मंदिर के सामने, भगवान जगन्नाथ के नंदीघोष रथ के पास भीड़ में भगदड़ मच गई। इस दौरान 3 श्रद्धालुओं की मौत और 6 के घायल होने की खबर है।

Updated: Jun 29, 2025, 11:09 AM IST

ओडिशा के पुरी में जगन्नाथ रथयात्रा में बड़ा हादसा हो गया। यहां रविवार तड़के करीब 4 बजे गुंडिचा मंदिर के सामने, भगवान जगन्नाथ के नंदीघोष रथ के पास भीड़ में भगदड़ मच गई। इस दौरान 3 श्रद्धालुओं की मौत और 50 के घायल होने की खबर है।

हादसे में जिन लोगों की जान गई, उनके नाम बसंती साहू (36), प्रेमकांति महांति (78) और प्रभाती दास थे। सभी शव पुरी मेडिकल कॉलेज में रखे गए हैं।हादसा तब हुआ, जब रथों के दर्शन के लिए भारी भीड़ जुट गई थी। इसी दौरान भगदड़ मची और गिरने से लोग कुचल गए। बताया जा रहा है कि जहां भगदड़ हुई, वहां पर्याप्त पुलिस या सुरक्षा बल तैनात नहीं थे।

भगवान बलभद्र और सुभद्रा के रथ पहले ही श्रध्दाबली (समाप्ति स्थल) पहुंच चुके थे। बाद में भगवान जगन्नाथ का रथ अपनी मौसी के यहां गुंडिचा मंदिर पहुंचा। इससे पहले शुक्रवार को भी देवी सुभद्रा के रथ के आसपास भीड़ का दबाव बढ़ने से 625 से श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई थी। प्रशासन के मुताबिक, 70 अस्पताल में भर्ती किया गया। इनमें से 9 की हालत गंभीर है।

पुरी में शुक्रवार को शाम 4 बजे भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शुरू हुई थी। सबसे पहले भगवान बलभद्र का रथ खींचा गया। इसके बाद सुभद्रा और जगन्नाथ के रथ खींचे गए। पहले दिन बलभद्र का रथ 200 मीटर तक खींचा गया, सुभद्रा-भगवान जगन्नाथ के रथ भी कुछ दूरी तक खींचे गए।