छात्रों की मेहनत को भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया, NEET परीक्षा रद्द होने पर राहुल गांधी का वार
राहुल गांधी ने सीधे मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह सिर्फ नाकामी नहीं, युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है। हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदार छात्र सजा भुगतते हैं।
नई दिल्ली। राहुल गांधी ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 22 लाख से ज्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार ने छात्रों का भविष्य दांव पर लगा दिया है।
नेता विपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'NEET 2026 की परीक्षा रद्द हो गयी। 22 लाख से ज़्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया। किसी पिता ने कर्ज़ लिया, किसी माँ ने गहने बेचे, लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की, और बदले में मिला, पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा में संगठित भ्रष्टाचार। यह सिर्फ़ नाकामी नहीं, युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है।'
राहुल गांधी ने आगे कहा कि हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदार छात्र सज़ा भुगतते हैं।अब लाखों छात्र फिर से वही मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता झेलेंगे। अगर अपनी तकदीर परिश्रम से नहीं, पैसे और पहुँच से तय होगा, तो फिर शिक्षा का मतलब क्या रह जाएगा? प्रधानमंत्री का तथाकथित अमृतकाल, देश के लिए विषकाल बन गया है।
बता दें कि NTA ने 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया है। जांच एजेंसियों को ऐसे इनपुट मिले थे कि परीक्षा की गोपनीयता से समझौता हुआ है। सरकार ने जांच CBI को सौंप दी है और दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है।




