नागपुर में आज से टोटल लॉकडाउन, सड़कों पर पसरा सन्नाटा, जगह-जगह पुलिस बल तैनात

कोरोना की रफ्तार को रोकने की कोशिश, नागपुर में आज से 21 मार्च तक आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 16,620 नए मरीज़ मिले

Updated: Mar 15, 2021, 09:22 AM IST

Photo Courtesy: twitter
Photo Courtesy: twitter

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार से एक हफ़्ते के लिए टोटल लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। जिसकी वजह से शहर की सड़कें सूनीं नजर आईं। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। जो लोग जबरन घर से बाहर निकल रहे थे। उन्हें समझाइश देकर वापस भेजा जा रहा है।

टोटल लॉकडाउन के बाद भी कुछ लोग सोमवार की सुबह घरों से बाहर टहलते नजर आए। उन्हें जल्द से जल्द से घर लौटने को कहा गया।  दिन चढ़ने के साथ ही लोग अपने घरों में कैद हो गए। शहर के व्यस्त रहने वाले बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। शहर की सड़कों पर पुलिस तैनात की गई है। दूध, फल, सब्जी, दवाएं, रसोई गैस, पेट्रोल जैसी जरूरी सेवाओं को अलावा सभी दुकानों को बंद रखा गया है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे घर में रहें, बाहर ना निकलें।

दरअसल बेकाबू होते कोरोना संक्रमण की वजह से महाराष्ट्र के कई जिलों में सख्ती की गई है। प्रदेश सरकार पहले ही किसी तरह के राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों पर पूरी तरह से रोक लगा चुकी है। इसके अलावा पुणे में रात्रि कर्फ्यू और अकोला में वीकेंड लॉकडाउन भी लगाया गया है।   

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को 16,620 नए कोरोना संक्रमित लोग मिले हैं। यह संख्या साल 2021 में एक दिन मिले मरीजों में सबसे ज्यादा हैं। इन मरीजों में मुंबई के 1963 नए मरीज, पुणे 1780, औरंगाबाद 752, नांदेड़ 351, पिंपरी-चिंचवाड 806, अमरावती में 209 और नागपुर में 2,252 नए मरीज मिले हैं। जिसके बाद अब महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 23,14,413 तक पहुंच गया है। इससे पहले शुक्रवार और शनिवार को भी महाराष्ट्र में कोरोना इंफेक्शन के पंद्रह हजार से अधिक नए मामले सामने आए थे। 

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को 50 मरीजों की मौत हुई है। जिसके बाद कुल मौतों का आंकडा 52,861 पहुंच गया है। भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 11,385,339 है। जिनमें से पिछले 24 घंटों में 17,824 नए संक्रमित मिले हैं। अब तक कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 158,762 हो गया है। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 11,005,445 है।