केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का भोपाल में विरोध, युवा कांग्रेस और NSUI के कई कार्यकर्ता गिरफ्तार
युवा कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री को काले झंडे दिखाने और विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे थे।
भोपाल। नीट पेपर लीक और CBSE परीक्षा में अनियमितता को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। स्टूडेंट्स के आक्रोश के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भोपाल पहुंचे। यहां उनका विरोध न हो इसलिए पुलिस ने पहले ही NSUI और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भोपाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे हैं। ऐसे में पुलिस ने एहतियाती कार्रवाई करते हुए एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय के पास से NSUI के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया व अन्य को गिरफ्तार कर लिया।
पार्टी नेताओं की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार कार्यकर्ताओं को कांग्रेस दफ्तर पहुंचे। पुलिस ने परमार और उनके साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि युवा कांग्रेस और NSUI के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उनके घर से भी डिटेन किया है। पुलिस का कहना है कि ये सभी लोग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को काला झंडा दिखाने की फिराक में थे। 
हिरासत में लिए गए नेताओं में युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार, शहर अध्यक्ष अमित खत्री, प्रदेश सचिव धनजी गिरी भी शामिल हैं। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला। बता दें कि एनएसयूआई और युवा कांग्रेस लंबे समय से नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि देशभर के लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इसकी जवाबदेही लेनी चाहिए। सूत्रों के अनुसार इसी मुद्दे को लेकर संगठन ने धर्मेंद्र प्रधान को काले झंडे दिखाने की योजना बनाई थी। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।




