24 घंटे में हो सकती है US-Iran डील, पाकिस्तानी PM शहबाज शरीफ बोले

पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच ऐतिहासिक शांति समझौता आखिरी चरण में है और अगले 24 घंटों में इस पर मुहर लग सकती है।

Updated: Jun 13, 2026, 07:09 PM IST

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि दोनों देशों के बीच बातचीत निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है और अगले 24 घंटों के भीतर समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकता है। शहबाज शरीफ के अनुसार, प्रस्तावित समझौते की प्रमुख शर्तों पर सहमति बन चुकी है और अब अंतिम औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में शहबाज शरीफ ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता पहले से कहीं अधिक करीब है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समझौते को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। जिसके बाद पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से इस पर हस्ताक्षर करने की तैयारी करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि समझौते के बाद अगले सप्ताह तकनीकी स्तर की बातचीत आयोजित की जा सकती है ताकि आगे की प्रक्रियाओं को तय किया जा सके।

यह भी पढ़ें:लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे भारतीय सेना के नए प्रमुख, 30 जून को संभालेंगे कमान

अपने संदेश में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वांस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन और विदेश मंत्री अब्बास अराघची का उल्लेख करते हुए बातचीत के दौरान दिखाई गई प्रतिबद्धता के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सहयोग और संवाद की यह प्रक्रिया स्थायी शांति की दिशा में महत्वपूर्ण आधार साबित हो सकती है।

इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी शहबाज शरीफ ने दावा किया था कि प्रस्तावित समझौते का अंतिम मसौदा तैयार हो चुका है। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान दोनों पक्षों के साथ मिलकर अगले चरण को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तत्व इस प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए भ्रामक प्रचार कर रहे हैं लेकिन इसके बावजूद मध्यस्थता के प्रयास लगातार जारी हैं।

वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी हालिया बातचीत में प्रगति के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन को लेकर जिस स्तर की सहमति बनी है वैसी स्थिति पहले कभी नहीं बनी थी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समझौते को अंतिम रूप दिए जाने तक मीडिया और अन्य पक्षों को अटकलों से बचना चाहिए। अराघची के मुताबिक, सभी आधिकारिक जानकारी उचित समय पर सार्वजनिक की जाएगी।

यह भी पढ़ें:CG: रायपुर स्थित डामर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कई श्रमिकों के अंदर फंसे होने की आशंका

हालांकि, अभी तक अमेरिका और ईरान की ओर से समझौते के अंतिम रूप से संपन्न होने की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से किए गए दावों ने अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू कर दी है। अब नजरें आने वाले 24 घंटों पर टिकी हैं। जिनमें इस संभावित समझौते की दिशा और स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकती है।