अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, गुरनूर, मानव और हर्ष जैसे नए खिलाड़ियों पर BCCI ने जताया भरोसा
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अफगानिस्तान के खिलाफ 1 टेस्ट और 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। टीम में गुरनूर, मानव और हर्ष जैसे नए खिलाड़ियों को मौका मिला है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अफगानिस्तान के खिलाफ जून में होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। दोनों फॉर्मेट में टीम की कप्तानी शुभमन गिल को सौंपी गई है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है। जबकि, वनडे टीम में हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की वापसी हुई है। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को करीब तीन साल बाद वनडे टीम में जगह मिली है। वहीं, गुरनूर बरार, मानव सुथार, हर्ष दुबे और प्रिंस यादव जैसे नए चेहरों को भी मौका दिया गया है।
अफगानिस्तान की टीम 6 जून से भारत दौरे पर आने वाली है। दोनों टीमों के बीच सबसे पहले न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। इसके बाद 14, 17 और 20 जून को क्रमशः धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में तीन वनडे मुकाबले आयोजित होंगे। टेस्ट मैच सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा। जबकि, वनडे मुकाबले दोपहर 1:30 बजे से खेले जाएंगे।
बीसीसीआई की सीनियर चयन समिति ने गुवाहाटी में हुई बैठक के बाद टीम की घोषणा की। चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर ने बताया कि जसप्रीत बुमराह फिलहाल अपने वर्कलोड मैनेजमेंट पर काम कर रहे हैं और उनकी वापसी इंग्लैंड दौरे से होने की संभावना है। वहीं, रवींद्र जडेजा को भी टेस्ट टीम से आराम दिया गया है।
टेस्ट टीम में एक बड़ा बदलाव उपकप्तानी को लेकर हुआ है। पिछले दौरे में ऋषभ पंत उपकप्तान थे लेकिन इस बार यह जिम्मेदारी केएल राहुल को सौंपी गई है। पंत टेस्ट टीम का हिस्सा हैं लेकिन वनडे स्क्वाड में उन्हें जगह नहीं मिली है। वनडे टीम में श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है।
वनडे टीम में ईशान किशन की वापसी सबसे चर्चित फैसलों में रही। उन्होंने आखिरी वनडे 11 अक्टूबर 2023 को अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में खेला था। ईशान ने अब तक भारत के लिए 27 वनडे मैचों में 933 रन बनाए हैं। इसमें एक दोहरा शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 42.40 और स्ट्राइक रेट 102.19 रहा है।
यह भी पढ़ें:सतना की तेल मिल में बॉयलर फटा, 1 कर्मचारी की जिंदा जलकर मौत, लोगों ने हाइवे जाम किया
चयनकर्ताओं ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया है। पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को पहली बार टेस्ट और वनडे दोनों टीमों में शामिल किया गया है। 6 फीट 4 इंच लंबे गुरनूर ने 2024-25 रणजी ट्रॉफी में 7 मैचों में 26 विकेट लिए थे। वह फिलहाल गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं।
राजस्थान के लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार को भी टेस्ट टीम में पहली बार मौका मिला है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2022-23 में 39 विकेट लेकर राजस्थान के सबसे सफल गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड बनाया था। मानव इंडिया ए टीम का हिस्सा रह चुके हैं और आईपीएल में गुजरात टाइटंस से जुड़े हैं। वहीं, विदर्भ के ऑलराउंडर हर्ष दुबे को गेंद और बल्ले दोनों से लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है। वह फिलहाल सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल रहे हैं। वनडे टीम में युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को भी जगह दी गई है। उन्होंने मौजूदा आईपीएल सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया था।
यह भी पढ़ें:MP-राजस्थान में पारा 46 डिग्री पार, अगले 7 दिन तक नहीं मिलेगी राहत, 10 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को भी वनडे टीम में शामिल किया गया है लेकिन दोनों खिलाड़ियों का खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। आईपीएल के दौरान दोनों खिलाड़ी चोटिल हो गए थे। रोहित ने वापसी कर ली है और मुंबई के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेल रहे हैं। जबकि, हार्दिक अब भी रिकवरी प्रोसेस में हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम से मंजूरी मिलने के बाद ही दोनों मैदान पर उतर सकेंगे।
भारत का हालिया प्रदर्शन टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में निराशाजनक रहा है। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका ने भारत को टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। जबकि, जनवरी में न्यूजीलैंड ने वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ यह सीरीज टीम इंडिया के लिए वापसी का मौका मानी जा रही है।
भारतीय टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल।
भारतीय वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।
यह भी पढ़ें:5 दिन में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आज से 90 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ ईंधन




