Vaishno Devi Yatra: 5 से 7 अक्टूबर तक बंद रहेगी वैष्णो देवी यात्रा, खराब मौसम के बीच श्राइन बोर्ड का फैसला

बोर्ड ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश और भूस्खलन की संभावना को देखते हुए यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उठाया गया है। इसके मद्देनजर प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी रास्तों पर न जाने और यात्रा की योजना स्थगित करने की अपील की है।

Publish: Oct 04, 2025, 01:32 PM IST

Photo Courtesy: India TV News
Photo Courtesy: India TV News

कटरा। श्री माता वैष्णो देवी में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर सामने आई की है। खराब मौसम के चलते इस पवित्र तीर्थ यात्रा को 5 से 7 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दी गई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) ने शुक्रवार देर रात यह फैसला लिया। 

बोर्ड ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश और भूस्खलन की संभावना को देखते हुए यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उठाया गया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने जम्मू, रियासी और कटरा क्षेत्र में 5 से 7 अक्टूबर तक लगातार बारिश, तेज हवाएं और भूस्खलन की आशंका जताई है। इस चेतावनी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी रास्तों पर न जाने और यात्रा की योजना स्थगित करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा चुनाव का जल्द बजने वाला है बिगुल, राज्य की सभी पार्टियों के साथ CEC की बैठक आज

बोर्ड के अनुसार, 8 अक्टूबर से मौसम की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और हालात अनुकूल पाए जाने पर यात्रा दोबारा शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन सभी रास्तों और सुविधाओं की सुरक्षा जांच के बाद ही भक्तों को आगे बढ़ने की अनुमति देगा। श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि नवरात्रि के दौरान 1.70 लाख से अधिक श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दरबार में पधारे हैं। यह यात्रा पूरी तरह से शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। 

इससे पहले जम्मू संभाग में 26 अगस्त को अत्यधिक खराब मौसम के दौरान माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन होने से 35 से अधिक तीर्थयात्रियों की मौत हुई थी और 10 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस कारण माता वैष्णो देवी यात्रा स्थगित कर दी गई थी। कटरा में पिछले दिनों हुए भूस्खलन के बाद प्रशासन ने होटल और धर्मशालाओं को खाली करने का भी आदेश जारी किया था।