वाराणसी एयरपोर्ट पर गोलीबारी, दो सुरक्षाकर्मी घायल, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। हादसे में एएआईसीएलएएस के दो स्क्रीनर्स घायल हो गए।
वाराणसी। वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह करीब 9:30 बजे हथियार की सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। फायरिंग में एएआईसीएलएएस के दो स्क्रीनर्स घायल हो गए। महिला कर्मचारी सुमन कुमारी के पैर में गोली लगी। जबकि, पुरुष कर्मचारी रोहित राज के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना उस समय हुई जब आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई जाने वाली उड़ान संख्या IX-1810 में सफर करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन्होंने विमान में ले जाने के लिए अपनी लाइसेंसी पिस्टल को नियमानुसार घोषित किया था। एयरपोर्ट पर सुरक्षा कर्मी हथियार की जांच कर रहे थे।
निर्धारित प्रक्रिया के तहत विमान में ले जाए जाने वाले लाइसेंसी हथियार को सील करके पायलट केबिन में रखा जाता है। इसके लिए हथियार की मैगजीन को असलहे से अलग करना जरूरी होता है। इसी प्रक्रिया के दौरान कमलेश राय पिस्टल की मैगजीन निकाल रहे थे। इसी बीच ट्रिगर दब गया और पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया।
गोली लगने से एएआईसीएलएएस की स्क्रीनर सुमन कुमारी घायल हो गई। जबकि, रोहित राज के हाथ को गोली छूती हुई निकल गई। घटना के तुरंत बाद टर्मिनल भवन में अफरातफरी की स्थिति बन गई। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था भी तत्काल कड़ी कर दी गई।
घायल दोनों कर्मचारियों को पहले एंबुलेंस से उपचार के लिए भेजा गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उन्हें कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जबकि, एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार दोनों को हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर भी उपचार के लिए भेजा गया था। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू कर दिया।
फायरिंग की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री कमलेश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। स्थानीय पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि जांच के दौरान हथियार से गोली किन परिस्थितियों में चली और हथियार को सुरक्षित रखने तथा उसकी मैगजीन अलग करने की प्रक्रिया में किस स्तर पर चूक हुई।
एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां यात्री, उसकी लाइसेंसी पिस्टल और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी से जुड़े तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।




