तेजस्वी के नेतृत्व में लड़ेंगे 2025 का चुनाव, मेरा लक्ष्य 2024 में भाजपा को हराना: नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव सीएम पद के उम्मीदवार होंगे।

Updated: Dec 13, 2022, 12:44 PM IST

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार साल 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव में सीएम पद के दावेदार नहीं होंगे। उन्होंने खुद इसकी घोषणा की है। पटना में महागठबंधन के विधायकों की बैठक में नीतीश ने कहा कि 2025 का विधानसभा चुनाव तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। मेरा लक्ष्य 2024 लोकसभा में भाजपा को हराना है। मैं मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं बनना चाहता।

दरअसल, मंगलवार को बिहार विधानसभा के बाद महागठबंधन विधानमंडल दल की बैठक हुई थी। उसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह स्पष्ट कर दिया कि मेरे बाद जो नेतृत्व होगा वह तेजस्वी यादव का होगा। 2025 का विधानसभा चुनाव भी तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।

यह भी पढ़ें: भारतीय सेना ने चीन को पीछे जाने पर मजबूर किया, तवांग झड़प पर संसद में बोले रक्षामंत्री

इससे पहले नालंदा में भी सोमवार को डेंटल कॉलेज के उद्घाटन में नीतीश कुमार ने कहा कि हम तो कब से बिहार में विकास का काम करवा रहे हैं। लेकिन तेजस्वी जी जो हैं, अब इनको आगे बढ़ाना है। हमको तो जितना करना था, वो कर दिए। अब इनसे एक-एक काम करवाना है। इसके लिए अब ये सबकुछ देख रहे हैं, समझ रहे हैं। एक-एक काम करने की कोशिश कर रहे हैं।