Budget 2025: वित्तमंत्री सीतारमण आज लगातार 8वां बजट पेश करेंगी, शेयर बाजार का जोश हाई
बजट पेश होने से पहले शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। BSE सेंसेक्स और NIFTY 50 में रिकॉर्ड तेजी आई है, जो यह दिखाता है कि बाजार को बजट से बड़ी उम्मीदें हैं।
                                    नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज यानी शनिवार 1 फरवरी को लोकसभा में वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश करेंगी। आम बजट 2025-26 सुबह 11 बजे पेश किया जाएगा। यह मोदी सरकार 3.0 का पहला पूर्णकालिक बजट है। वित्त मंत्री लगातार लगातार 8वां बजट पेश करने का रिकॉर्ड बनाएंगी।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज सुबह 8:45 बजे अपने आवास से वित्त मंत्रालय पहुंची। मंत्रालय में आधे घंटे रुकने के बाद वह राष्ट्रपति भवन गईं। वहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बजट की कॉपी सौंपी। इसके बाद संसद में सुबह 11 बजे वित्तमंत्री का भाषण शुरू होगा। पिछले चार बजट और एक अंतरिम बजट की तरह, ये बजट भी पेपर लेस होगा।
यह भी पढे़ं: संसद में वित्तमंत्री ने पेश किया आर्थिक सर्वेक्षण, GDP ग्रोथ 6.3 से 6.8 प्रतिशत तक रहने का अनुमान
बजट पेश होने से पहले हर किसी के मन में यह सवाल है कि इस बार आम से लेकर खास लोगों के वित्त मंत्री सीतारमण के पिटारे से क्या निकलेगा? एक तरफ टैक्सपेयर्स वित्त मंत्री से टैक्स में राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं तो वहीं, किसानों से लेकर मिडल क्लास और महिलाओं को इस बजट से खास उम्मीदें हैं।
बजट 2025 से पहले ही निवेशकों में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। पिछले चार कारोबारी सत्रों से बाजार में लगातार तेजी देखने को मिल रही थी, लेकिन आज, 1 फरवरी को बाजार में जोरदार उछाल आया। शुरुआती कारोबार में BSE सेंसेक्स 877.20 अंकों की बढ़त के साथ 77,637.01 पर पहुंच गया। NIFTY 50 भी 279.10 अंकों की तेजी के साथ 23,528.60 पर कारोबार कर रहा है।
इस शानदार उछाल की वजह बजट से जुड़ी उम्मीदें हैं। निवेशकों को भरोसा है कि सरकार ऐसे ऐलान करेगी, जिससे अर्थव्यवस्था और कंपनियों को फायदा मिलेगा। अब सबकी नजरें इस पर हैं कि बजट 2025 बाजार की उम्मीदों को कितना पूरा कर पाता है।




                            
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
                                    
                                
                                    
                                    
                                    
								
								
								
								
								
								
								
								
								
								