सुप्रीम कोर्ट और राजघाट तक पहुंचा यमुना का पानी, CM केजरीवाल ने मांगी सेना से मदद

दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के बाहर सड़क पर पानी भर गया है। बाढ़ का पानी यमुना बाजार, लालकिले, राजघाट और ISBT-कश्मीरी गेट तक पहुंच गया है। यहां 3 फीट तक पानी भर गया।

Updated: Jul 14, 2023, 02:17 PM IST

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में बाढ़ का खतरा बरकरार है। दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के बाहर सड़क पर पानी भर गया है। बाढ़ का पानी यमुना बाजार, लालकिले, राजघाट और ISBT-कश्मीरी गेट तक पहुंच गया है। यहां 3 फीट तक पानी भर गया।
इस बीच दिल्ली सरकार ने अब सेना से मदद मांगने का फैसला किया है। सीएम केजरीवाल ने इस बात की जानकारी दी है।

दिल्ली सरकार में मंत्री सौरव भारद्वाज ने शुक्रवार को ट्वीट कर जानकारी दी कि पूरी रात, हमारी टीमें WHO बिल्डिंग के पास ड्रेन नंबर 12 के रेगुलेटर की क्षति को ठीक करने के लिए काम करती रहीं। फिर भी इस दरार से होकर यमुना का पानी शहर में प्रवेश कर रहा है। सरकार ने मुख्य सचिव को इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेने का निर्देश दिया है।

इस ट्वीट को रिट्वीट कर केजरीवाल ने कहा कि इसके कारण आईटीओ और आसपास बाढ़ आ रही है। इंजीनियर पूरी रात काम कर रहे हैं। मैंने मुख्य सचिव को सेना/एनडीआरएफ की मदद लेने का निर्देश दिया है, लेकिन इसे तत्काल ठीक किया जाना चाहिए।

दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति पर कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, अगर सही समय पर दिल्ली सरकार तैयारी की होती तो यह हाल नहीं होता। दिल्ली सरकार गैर जिम्मेदार है। दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के बीचे केवल आरोप प्रत्यारोप हो रहा है।

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और सीएम अरविंद केजरीवाल ने आईटीओ के पास टूटे ड्रेनेज का निरीक्षण किया। एलजी ने कहा, यह समय किसी को दोष देने या टिप्पणी करने का नहीं है। अभी हमें टीम वर्क करने की जरूरत है। मैं भी बहुत कुछ कह सकता हूं लेकिन अभी इसकी जरूरत नहीं है।