Raj babbar birthday : सिनेमा से राजनीति तक राज

अभिनेता और नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी खास अंदाज में राज बब्बर को जन्मदिन पर बधाई देते हुए उन्‍हें राजनीति के लिए 24/7 सफल उम्मीदवार बताया

Publish: Jun 24, 2020, 10:34 AM IST

जाने-माने अभिनेता और राजनेता राज बब्बर 23 जून को अपना 68 वां जन्मदिन मना रहे हैं। फैंस और करीबी लोग उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई दे रहे हैं। वहीं, राज बब्बर के बेटे और ऐक्टर प्रतीक बब्बर ने अपने पिता को बर्थडे विश किया है। उन्‍हें अभिनेता और नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी खास अंदाज में राज बब्बर को जन्मदिन पर बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि प्रसिद्ध अभिनेता, 3 बार के लोकसभा सांसद, 2 बार राज्यसभा सांसद, यूपी कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हमारे प्रिय मित्र राज बब्बर को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वह राजनीति के लिए 24/7 सफल उम्मीदवार हैं। उन्होंने लोगों की हमेशा सहायता की है।

23 जून 1952 को राज बब्बर का जन्म उत्तर प्रदेश के टुंडला में हुआ था। राज बब्बर ने स्कूली पढ़ाई आगरा के फैज-ए-आलम इंटर कॉलेज से की। अभिनय में रुचि को देखते हुए 1975 में उन्होंने दिल्ली स्थित नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में एडमिशन लिया। दिल्ली में वो कई थियेटर ग्रुप से जुड़े और नाटकों में हिस्सा लेते थे। आगे के करियर के लिए राज बब्बर मुंबई पहुंचे। उनकी पहली फिल्म 1977 में आई 'किस्सा कुर्सी का' थी। थियेटर से शुरू हुआ राज बब्बर का सफर फिल्मी दुनिया में ऊंचाइयों तक पहुंचा। 80 के दशक में राज बब्बर ने सिनेमा की दुनिया में वाकई 'राज' किया।

उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत साल 1989 में की थी। फिलहाल राज बब्बर कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं। अपने बॉलीवुड करीयर में 200 से फिल्में करने वाले राज बब्बर पहली बार 1994 में संसद पहुंचे थे, जब वह यूपी से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। राज बब्बर ने समाजवादी पार्टी से 1996 में पहला लोकसभा चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के खिलाफ लखनऊ सीट से लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद राज बब्बर ने 1999 में आगरा सीट से सपा के टिकट पर ही लोकसभा चुनाव लड़ा, जिसमें जीत दर्ज की। 2006 में उन्हें समाजवादी पार्टी से निष्कासित कर दिया गया, जिसके बाद 2008 में राज बब्बर ने कांग्रेस ज्वाइन की।

डिंपल यादव को हराया

2009 के आम चुनाव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कन्नौज और फिरोजाबाद सीट से लोकसभा चुनाव जीता। इसके बाद उन्होंने फिरोजाबाद सीट खाली कर दी, जिस पर हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी डिंपल यादव ने चुनाव लड़ा। कांग्रेस ने इस उपचुनाव में राज बब्बर को मैदान में उतारा और उन्होंने मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव को 85000 मतों से हराया।

प्रतीक बब्बर ने पिता राज बब्बर को किया बर्थडे विश, बताया- लीजेंड

राज बब्बर के बेटे और ऐक्टर प्रतीक बब्बर ने अपने पिता को बर्थडे विश करते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की। प्रतीक बब्बर ने लिखा, 'जन्मदिन की शुभकामनाएं मेरे लीजेंड', इसके साथ उन्होंने अपने पिता को टैग किया। प्रतीक बब्बर ने फादर्स डे के मौके पर अपने पिता राजब्बर के साथ की कई तस्वीरें शेयर की थीं।