सागर में जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली
सागर के बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी रवि लखेरा को पुलिस ने बरायठा के जंगलों में एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। 20 हजार के इनामी माफिया ने पुलिस पर फायरिंग की। जिसके जवाब में उसके पैर में गोली लगी।
सागर। बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपित और गढ़ी मलहरा शराब दुकान के ठेकेदार रवि लखेरा को सागर पुलिस ने बरायठा के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए रवि ने टीम पर गोली चलाई थी। जवाबी फायरिंग में पैर गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
पुलिस को रवि के बरायठा क्षेत्र के जंगल में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने इलाके में घेराबंदी की और उसे पकड़ने की कोशिश की थी। इसी दौरान रवि ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लगी। जिसके बाद टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बीती रात की बताई गई है।
यह भी पढ़ें:देशभर में आज से 3 दिन बंद रहेंगी सभी बैंक शाखाएं, 5 डे बैंकिंग समेत कई मांगों को लेकर हड़ताल
पुलिस के अनुसार, बंडा जहरीली शराब मामले की जांच में रवि लखेरा की भूमिका गंभीर रूप से सामने आई है। उस पर आरोप है कि वह जहरीली शराब तैयार करने का फॉर्मूला उपलब्ध कराता था। इसके अलावा बहेरिया थाने में उसके खिलाफ अवैध शराब से जुड़ा एक अन्य मामला भी दर्ज है और उसमें भी वह फरार चल रहा था।
रवि लखेरा की तलाश के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शुक्रवार तड़के गोली लगने के बाद उसे सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
रवि लखेरा का नाम इससे पहले भी अवैध शराब से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। मई 2026 में उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में पकड़ी गई नकली शराब फैक्ट्री के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। इसके चलते वह पहले से ही पुलिस के रडार पर था।
यह भी पढ़ें:MP: सागर शराबकांड के तीन आरोपियों के पांच मकानों पर चला बुलडोजर, अब तक 32 की मौत
बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से लोगों की मौतों के बाद सागर पुलिस ने अवैध शराब के नेटवर्क की पड़ताल शुरू की थी। जांच आगे बढ़ने पर रवि लखेरा के साथ मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर और शिवान्जय ठाकुर के नाम भी प्रमुखता से सामने आए। इसके बाद पुलिस ने रवि लखेरा और मनीष लोधी की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
रवि की गिरफ्तारी को बंडा जहरीली शराब मामले की जांच में पुलिस की अहम कार्रवाई माना जा रहा है। अब पुलिस उससे अवैध शराब के नेटवर्क, जहरीली शराब तैयार करने के फॉर्मूले और मामले से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर सकती है।
यह भी पढ़ें:7 साल बाद भारत आएंगे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, BRICS समिट में होंगे शामिल




