वर्ल्ड चैंपियन बनते ही विवादों में घिरे हार्दिक पंड्या, जीत के जश्न के दौरान तिरंगे के अपमान का आरोप

T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद क्रिकेटर हार्दिक पांड्या विवादों में घिर गए हैं। पुणे में उनके खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के अपमान की पुलिस शिकायत दर्ज हुई है।

Updated: Mar 12, 2026, 02:32 PM IST

पुणे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद जश्न के बीच भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या एक विवाद में घिर गए हैं। पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया गया है कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जीत के बाद हुए जश्न के दौरान पांड्या ने तिरंगे की गरिमा का उल्लंघन किया है।

शिकायत के अनुसार, भारत द्वारा न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद मैदान पर खिलाड़ियों का जश्न चल रहा था। इसी दौरान हार्दिक पांड्या भारतीय तिरंगा अपने कंधे और शरीर पर लपेटकर मैदान में दौड़ते और नाचते नजर आए थे। सोशल मीडिया पर वायरल कई वीडियो में उन्हें अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ जश्न मनाते हुए भी देखा गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक वीडियो में पांड्या मंच पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। जबकि, तिरंगा अभी भी उनके शरीर पर लिपटा हुआ था जो राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के खिलाफ माना जा सकता है।

यह भी पढ़ें:युद्धविराम के लिए तैयार हुआ ईरान, दुनिया के सामने रखीं ये तीन शर्तें

वकील वाजिद खान ने अपनी शिकायत में राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 की धारा 2 का हवाला दिया है। इस कानून के तहत राष्ट्रीय ध्वज, संविधान और राष्ट्रगान जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों की गरिमा बनाए रखना अनिवार्य है। कानून के अनुसार, तिरंगे को जमीन पर गिरने देना, अनुचित तरीके से पहनना या उसके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को दंडनीय अपराध माना जाता है। शिकायत में कहा गया है कि पांड्या का जश्न मनाने का तरीका इस कानून का उल्लंघन हो सकता है इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

वाजिद खान ने बताया कि जब वे शिकायत दर्ज कराने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे तो शुरुआत में पुलिस ने यह कहते हुए मामला दर्ज करने से हिचक दिखाई कि घटना अहमदाबाद में हुई है और शिकायत वहीं दर्ज कराई जानी चाहिए। हालांकि, वकील ने तर्क दिया कि तिरंगा पूरे देश का राष्ट्रीय प्रतीक है इसलिए इसके अपमान की शिकायत भारत के किसी भी हिस्से में दर्ज की जा सकती है। इसके बाद पुलिस ने उनकी लिखित शिकायत स्वीकार कर ली और उसकी एक प्रति भी उन्हें उपलब्ध कराई।

यह भी पढ़ें:झांसी में गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चोरी, पूर्व ड्राइवरों की थी साजिश, एजेंसी मालिक समेत 7 गिरफ्तार

फिलहाल पुलिस ने मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध सबूतों की पड़ताल की जा सकती है ताकि यह तय किया जा सके कि जश्न के दौरान पांड्या का व्यवहार वास्तव में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान की श्रेणी में आता है या नहीं।

गौरतलब है कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता था। इसके साथ ही भारतीय टीम ने तीसरी बार यह ट्रॉफी अपने नाम की और लगातार दूसरी बार खिताब जीतने वाली पहली टीम भी बन गई। इससे पहले भारत 2007 और 2024 में टी20 विश्व कप जीत चुका है। खास बात यह भी रही कि पहली बार किसी टीम ने अपने घरेलू मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने के साथ-साथ खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया है।

यह भी पढ़ें:लैंडिंग के दौरान निकला एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान का अगला पहिया, 133 यात्री थे सवार

टूर्नामेंट में हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन भी काफी अहम रहा था। उन्होंने नौ मैचों में 217 रन बनाए और नौ विकेट भी हासिल किए थे। उनकी इस ऑलराउंड प्रदर्शन के चलते उन्हें आईसीसी की टीम ऑफ द टूर्नामेंट 2026 में भी शामिल किया गया। जीत के बाद पांड्या ने कहा था कि उनके पास अभी लगभग दस साल का क्रिकेट बाकी है और वे अपने करियर में दस और आईसीसी खिताब जीतना चाहते हैं। हालांकि, फिलहाल उनका नाम जश्न से जुड़े इस विवाद के कारण चर्चा में है और अब सबकी नजर पुलिस जांच के अगले कदम पर टिकी है।