लैंडिंग के दौरान निकला एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान का अगला पहिया, 133 यात्री थे सवार

बुधवार को हैदराबाद से फुकेट जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट की फुकेट एयरपोर्ट पर हार्ड लैंडिंग हुई। लैंडिंग के दौरान विमान का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया।

Updated: Mar 11, 2026, 07:19 PM IST

फुकेट। थाईलैंड के फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार को हैदराबाद से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। विमान के रनवे पर उतरते समय उसका नोज लैंडिंग गियर क्षतिग्रस्त हो गया और आगे का पहिया टूटकर अलग हो गया। इस वजह से विमान रनवे पर ही फंस गया और कुछ देर के लिए एयरपोर्ट का रनवे बंद करना पड़ा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।

यह घटना 11 मार्च को एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-938 (AXB938) के साथ हुई। फ्लाइट हैदराबाद से फुकेट जा रही थी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार, विमान ने हैदराबाद से सुबह 6:42 बजे उड़ान भरी थी और स्थानीय समय के अनुसार लगभग 11:40 बजे फुकेट पहुंचा था। लैंडिंग के दौरान विमान की हार्ड लैंडिंग हुई थी। जिसके कारण उसके नोज व्हील को गंभीर नुकसान पहुंचा।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, तेज लैंडिंग के कारण विमान का आगे का लैंडिंग गियर टूट गया और नोज व्हील अलग हो गया। इससे विमान रनवे पर फिसलते हुए रुका और उसे तुरंत रनवे से हटाया नहीं जा सका। रनवे पर टूटे हुए पहिए के हिस्से भी बिखरे हुए मिले। जिसके बाद सुरक्षा कारणों से तुरंत आपातकालीन टीमों को मौके पर बुलाया गया।

विमान में 131 यात्री, दो शिशु और सात क्रू सदस्य सवार थे। सभी को सुरक्षित विमान से बाहर निकालकर एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में ले जाया गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बयान जारी कर कहा कि फुकेट एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान के नोज व्हील में तकनीकी समस्या आई थी लेकिन चालक दल ने सभी मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना के बाद फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रशासन ने रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने दोपहर 12:08 बजे से शाम 6 बजे तक रनवे बंद रहने की सूचना जारी की ताकि विमान को सुरक्षित हटाया जा सके और रनवे की जांच की जा सके। फुकेट एयरपोर्ट में केवल एक ही रनवे है इसलिए इसके बंद होने से कई उड़ानों पर असर पड़ा। कम से कम एक दर्जन उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। जबकि, कुछ विमानों को हवा में ही होल्ड पर रखा गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ानों की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। इससे यात्रियों को अनावश्यक परेशानी से बचने में मदद मिलेगी।