राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों का ऐलान, मनु भाकर और गुकेश को खेल रत्न, 34 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार

भारतीय खेल सम्मानों का ऐलान आज किया गया, जिसमें 4 खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए खेल रत्न चुना गया। लिस्ट में 34 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड मिला है।

Updated: Jan 02, 2025, 09:17 PM IST

नई दिल्ली। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2024 का ऐलान हो गया है। गुरुवार को युवा एवं खेल मंत्रालय ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। इसके मुताबिक ओलिंपिक में डबल मेडल जीतने वालीं शूटर मनु भाकर, वर्ल्ड चेस चैंपियन डी गुकेश, हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरा एथलीट प्लेयर प्रवीण कुमार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

इनके अलावा 5 कोच को द्रोणाचार्य अवॉर्ड मिलेगा, इनमें 2 लाइफ टाइम अचीवमेंट के लिए हैं। 34 प्लेयर्स को अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा, इनमें 17 पैरा-एथलीट हैं, जबकि 2 लाइफ टाइम अचीवमेंट के लिए हैं। बताया जा रहा है कि 17 जनवरी को राष्ट्रपति भवन में अवॉर्ड सेरेमनी होगी। यहां सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कृत किया जाएगा।

बता दें कि मनु भाकर ने अगस्त-सितंबर में पेरिस ओलिंपिक गेम्स में डबल ओलिंपिक मेडल जीते थे। वे 10 मीटर एयर पिस्टल इंडीविजुअल और मिक्स्ड डबल्स में तीसरे स्थान पर रहीं। उनके दो मेडल के दम पर भारत ने पेरिस ओलिंपिक में कुल 6 मेडल जीते थे। इसके अलावा 18 साल के भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने सिंगापुर में 11 दिसंबर को वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का खिताब जीता था। इतनी कम उम्र में खिताब जीतने वाले गुकेश दुनिया के पहले प्लेयर बने हैं।

हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलिंपिक 2024 में ब्रॉन्ज और एशियन गेम्स 2022 में गोल्ड मेडल जीता था। वहीं, हरमनप्रीत तीन बार FIH अवॉर्ड्स में प्लेयर ऑफ द ईयर का खिताब जीते हैं। जबकि प्रवीण कुमार ने पेरिस पैरालिंपिक 2024 में पुरुषों की ऊंची कूद में एशियाई रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर सबको चौंका दिया था। टोक्यो पैरालिंपिक में रजत पदक जीतने वाले प्रवीण ने T64 स्पर्धा में अपने करियर का बेहतरीन प्रदर्शन किया और 2.08 मीटर की ऊंचाई लांघकर इतिहास में नाम दर्ज कराया।