UP Election में MP के नेताओं की मांग, जानिए किसे मिली क्या जिम्मेदारी

ऐसी अनगिनत खबरों के लिए सुनें हम समवेत की ख़ास पेशकश 'समाचार सारांश'

Updated: Feb 05, 2022, 03:00 AM IST

अब अलग अलग अखबार पढ़ने से मुक्ति। हम समवेत के 'समाचार सारांश' में सुनिए एमपी के अखबारों में छपी खबरें एक साथ। यहां आपको मिलेगी वो खबरें जो आपके लिए जानना महत्वपूर्ण हैं।

एमपी के नेताओं की चुनाव में बड़ी भूमिका

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव प्रचारों में बीजेपी और कांग्रेस के नेता बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 6 से 19 फरवरी तक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के चुनावी दौरों पर रहेंगे।  कांग्रेस नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी पांच राज्यों के चुनावी प्रचार में इन दिनों व्यस्त हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह उत्तराखंड में शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार में व्यस्त रहे। कैलाश विजयवर्गीय शुक्रवार रात उत्तराखंड पहुंचे। 

IT Return के नए नियम का विरोध शुरू

पारंपरिक रूप से बाजार और परिचितों से कर्ज लेकर दुकान-व्यवसाय चलाने वाले व्यापारियों को आयकर रिटर्न का नया नियम तनाव में डाल रहा है। कर्ज लेने वाले व्यापारी को आयकर विभाग को सिर्फ इतनी जानकारी देना पर्याप्त नहीं होगा कि उसने किससे कर्ज लिया। बल्कि यह भी बताना होगा कि कर्ज देने वाले के पास उसे देने के लिए रुपया कहां से आया। नए वित्तीय वर्ष यानी एक अप्रैल से नया कानून लागू होने वाला है। आयकर अधिनियम में संशोधन के जरिए नया प्रविधान लागू किया जा रहा है। कर पेशेवरों ने इसे अव्यवहारिक करार दिया है। नियम का विरोध शुरू हो गया है।

भ्रष्ट विभाग पर मंत्री सख्त

भ्रष्ट अफसरों के कारनामों से परेशान सरकार अब उनके खिलाफ तत्काल एक्शन की तैयारी में है। भ्रष्टाचार में टॉप पर रहने वाले राजस्व विभाग से इसकी शुरुआत की जा रही है। राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विभाग प्रमुख को ऐसे अफसरों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया है। राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विभाग में भ्रष्टाचार रोकने के लिए कड़े निर्देश हैं। उन्होंने कहा आम आदमी से सरकारी काम के लिए कोई पैसा लेगा तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी।