भारत बंद: पटना पहुंचे राहुल गांधी, मतदाता सूची को लेकर विपक्ष के विरोध मार्च में होंगे शामिल
बिहार में ट्रेड यूनियन के साथ ही वोटर लिस्ट को लेकर विपक्षी दलों का भी हड़ताल जारी है। बिहार के पटना, भोजपुर, जहानाबाद, दरभंगा में ट्रेनें रोकी गईं हैं।

पटना। देश के दस बड़े ट्रेड यूनियनों ने आज भारत बंद का कॉल दिया है। देशभर में बंद का असर देखने को मिल रहा है। इसी के साथ बिहार चुनाव से पहले हो रहे वोटर वेरिफिकेशन के विरोध में विपक्ष ने आज बिहार बंद भी बुलाया है। इसमें शामिल होने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी पटना पहुंचे चुके हैं।
पटना हवाई अड्डे पर राहुल गांधी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वे यहां से थोड़ी देर में विपक्ष के पैदल मार्च में शामिल होंगे। भारत बंद का सबसे ज्यादा सर बिहार में देखा जा रहा है। बिहार में ट्रेड यूनियन के साथ ही वोटर लिस्ट को लेकर विपक्षी दलों का भी हड़ताल जारी है। बिहार के पटना, भोजपुर, जहानाबाद, दरभंगा में ट्रेनें रोकी गईं हैं।
राज्य के अलग-अलग इलाकों में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम कर दिया। कई जगह ट्रेनों को भी रोक दिया गया तो कुछ जगह हाईवे बंद कर दिए गए। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव बिहार बंद के तहत प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सचिवालय हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और ट्रेनें रोकी। उन्होंने कहा कि हम चुनाव आयोग को नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने देश के गरीब लोगों की जिंदगी बर्बाद की है।
तेजस्वी यादव ने बिहार की जनता से विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, बिहार बंद और चक्का जाम में शामिल होइए और लोकतंत्र को बचाइए। गरीबों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को वोटर लिस्ट से बाहर करने की चुनाव आयोग और भाजपा की साजिश को हम कामयाब नहीं होने देंगे। आज नहीं जागे तो कल वोट देने का अधिकार भी छिन जाएगा।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि दो मुद्दों पर चक्का जाम किया जा रहा है। इसका समर्थन वे लोग कर रहे हैं जिन्हें लगता है कि उनका वोट का अधिकार छीन लिया जाएगा। जब भी देश पर संकट आया है, राहुल गांधी ने सड़कों पर संघर्ष किया है। आज वोट बंदी लगने की कगार पर है, हम इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं और राहुल गांधी इसके लिए आए हैं।