UP Election से जुड़ा Hijab विवाद, क्यों घबराई MP सरकार

सुबह की चाय और आपके प्रदेश की सर्द-गर्म खबरें सुनें पंकज शुक्ला के साथ सिर्फ हम समवेत पर

Updated: Feb 10, 2022, 02:58 AM IST

हम समवेत मे आज के 'समाचार सारांश' में सुनिए एमपी के अखबारों में छपी खबरें एक साथ। यहां आपको मिलेगी वो खबरें जो आपके लिए जानना महत्वपूर्ण हैं। सिर्फ एक नज़र में 

हिजाब पर सरकार क्यों बैकफुट पर

मध्यप्रदेश में हिजाब को लेकर की जा रही बयानबाजी पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नाराज हो गए हैं। उन्होंने मंत्रियों को चेताया है कि विवाद न खड़ा करें। 
हिजाब पर स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के बयान के बाद सरकार की तरफ से गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस पर स्पष्टीकरण दिया था। मंत्री परमार ने भी सफाई दी. उन्होंने कहा मेरा बयान स्कूलों में समानता, अनुशासन और स्कूल की पहचान को लेकर था। कांग्रेस ने स्कूल शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने की मांग कर दी है।

वनमंत्री विजय शाह ने क्यों बदला रंग? 


वन विभाग के मंत्री विजय शाह अपने बयानों के कारण विवादों में रहते हैं। इस बार वे रंग के कारण चर्चा में हैं। उन्होंने सरकारी एम्बेसडर कार का कलर बदलवा दिया है। कार सफेद थी। उसे आसमानी करवा दिया गया है। इसके लिए वन विभाग ने न तो परिवहन विभाग से अनुमति ली और न ही इसकी जानकारी दी गई। मंत्री शाह इस कार से अक्सर भोपाल, इंदौर शहर के वीवीआइपी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए जाते हैं।

वनों की कटाई की वजह मुख्यमंत्री व मंत्री

डीएफओ अनिल कुमार शुक्ला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वे जंगलों की कटाई के लिए मुख्यमंत्री और वन मंत्री को जिम्मेदार बता रहे हैं। कुछ लोग जंगलों की कटाई और अतिक्रमणकारियों से वन क्षेत्र की सुरक्षा के लिए खंडवा के डीएफओ के पास पहुंचे थे। उनकी शिकायत पर डीएफओ ने कहा कि जंगल पहले से कटते रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री और वन मंत्री पट्टे की राजनीति करते हैं। वोट के लिए वे आदिवासियों को पट्टा देने की घोषणा कर देते हैं। हालांकि, वायरल होने के बाद उन्होंने सफाई दी है कि वीडियो के साथ कांट-छांट की गई है।