CG: दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर 400 जवानों ने नक्सलियों को घेरा, मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर
एसपी गौरव राय के मुताबिक, दोनों जिलों का यह जॉइंट ऑपरेशन है। सर्च अभियान अभी जारी है। एनकाउंटर में माओवादियों को भारी नुकसान होने की संभावना है।

दंतेवाडा। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है। शनिवार को दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर के भैरमगढ़ इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। बताया जा रहा है कि सुबह 9 बजे से दोनों तरफ से फायरिंग जारी है। दोपहर बाद तक मिली सूचना के मुताबिक जवानों ने 3 माओवादी को ढेर किया है। तीनों के शव के साथ हथियार बरामद किया गया है। जबकि फायरिंग शाम तक जारी है।
दंतेवाड़ा जिले के एसपी गौरव राय ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बीजापुर के इंद्रावती क्षेत्र के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद करीब 400 जवानों को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। जवानों ने 2025 में अब तक 146 नक्सलियों को मार गिराया है।
यह भी पढे़ं: जम्मू कश्मीर के अखनूर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सेना का JCO शहीद, किश्तवाड़ में 3 आतंकी ढेर
एसपी गौरव राय के मुताबिक, दोनों जिलों का यह जॉइंट ऑपरेशन है। सर्च अभियान अभी जारी है। एनकाउंटर में माओवादियों को भारी नुकसान होने की संभावना है। मुठभेड़ खत्म होगी तब स्थिति क्लियर होगी। नक्सलियों को कितना नुकसान हुआ है, इसके बाद ही पता लग पाएगा। फिलहाल मुठभेड़ जारी है।
मारे गए दो नक्सलियों में से एक के 6 जनवरी को हुए बीजापुर जिले के अंबेली ब्लास्ट की घटना में शामिल होने की बात सामने आ रही है। नक्सलियों ने IED ब्लास्ट कर जवानों से भरे वाहन को उड़ाया था। ब्लास्ट में 8 जवान और एक वाहन चालक शहीद हो गए थे। इससे पहले 25 मार्च को सुरक्षाबलों ने 25 लाख रुपए के इनामी नक्सली सुधीर उर्फ सुधाकर समेत 3 नक्सलियों को मार गिराया था। बस्तर रेंज में जवानों ने 2025 में अबतक 119 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं।
बता दें कि 6 दिन पहले बस्तर दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दंतेवाड़ा में कहा था कि अगले चैत्र नवरात्रि तक लाल आतंक खत्म हो जाएगा। बस्तर से नक्सलवाद खत्म होने के कगार पर है। नक्सलियों से सरेंडर करने की अपील की थी। लोगों से कहा था कि नक्सलियों को सरेंडर कराकर गांवों को नक्सल मुक्त बनाइए। हर गांव को एक करोड़ मिलेगा।