MP में धनतेरस पर बाजारों में बरसेगा धन, भोपाल में 1000 करोड़ से ज्यादा की खरीदारी का अनुमान

मध्य प्रदेश में धनतेरस पर बाजारों में रौनक है। भोपाल में 1000 करोड़, इंदौर में 1200 करोड़ और ग्वालियर में 900 करोड़ रुपये तक कारोबार का अनुमान है।

Updated: Nov 06, 2026, 11:17 AM IST

मध्य प्रदेश में धनतेरस के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत हो रही है। त्योहार को लेकर प्रदेश के प्रमुख शहरों में बाजार सज चुके हैं और ऑटोमोबाइल, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा रियल एस्टेट सेक्टर में जमकर खरीदारी की उम्मीद है। अकेले भोपाल में इस बार 1000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। वहीं, इंदौर में 1200 करोड़ और ग्वालियर में 900 करोड़ रुपये तक की बिक्री का अनुमान लगाया जा रहा है। वाहनों की मांग इतनी ज्यादा है कि कई कंपनियों के पास ग्राहकों की जरूरत के मुताबिक स्टॉक उपलब्ध नहीं है।

भोपाल में धनतेरस पर करीब 2500 कारें और 7000 से ज्यादा दोपहिया वाहन बिकने की संभावना है। इनमें से बड़ी संख्या में ग्राहकों ने पहले ही बुकिंग करा रखी है। शहर में 20 से अधिक बड़े कार शोरूम हैं जहां करीब एक महीने पहले से ग्राहकों ने अपनी पसंद के मॉडल बुक कराने शुरू कर दिए थे।

जेके रोड स्थित एसएनआर किया के सीईओ सौरभ सोनी के मुताबिक, इस बार ऑटोमोबाइल बाजार में सप्लाई के मुकाबले डिमांड अधिक है। खासतौर पर सीएनजी और इलेक्ट्रिक कारों को लेकर ग्राहकों में दिलचस्पी बढ़ी है। उनके शोरूम में ही धनतेरस के लिए 200 से अधिक कारों की बुकिंग हो चुकी है। कई कंपनियों के लोकप्रिय मॉडल पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में दीपावली के बाद भी वाहनों की डिलीवरी जारी रहने की संभावना है। देवउठनी एकादशी तक बाजार में खरीदारी का माहौल बना रह सकता है।

भोपाल ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष पांडे के अनुसार, दोपहिया वाहनों की बिक्री में इस बार करीब 5 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है। कार और टूव्हीलर, दोनों श्रेणियों में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ रही है।

भोपाल में पिछले साल दीपावली के दौरान करीब 800 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। इसमें लगभग 125 करोड़ रुपये के वाहन और प्रॉपर्टी और ज्वेलरी में करीब 200-200 करोड़ रुपये की खरीदारी शामिल थी। इस साल बाजार विशेषज्ञों को कुल कारोबार 1000 करोड़ रुपये के पार पहुंचने की उम्मीद है। केवल वाहन बिक्री का आंकड़ा ही 225 से 250 करोड़ रुपये तक जा सकता है।

कार बाजार में अलग-अलग बजट के ग्राहकों की मांग देखने को मिल रही है। हैचबैक कारों के लिए 6 से 8 लाख रुपये, सेडान के लिए 10 से 25 लाख रुपये और एसयूवी के लिए 25 से 50 लाख रुपये तक के बजट वाले ग्राहक पहुंच रहे हैं। इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की कीमत करीब 1.25 लाख से 1.75 लाख रुपये के बीच है।

सराफा बाजार में भी त्योहार के साथ शादी की खरीदारी का असर दिखाई दे रहा है। कारोबारी नवनीत अग्रवाल के मुताबिक, ग्राहक धनतेरस और दीपावली के अलावा आगामी शादियों के लिए भी सोने और चांदी के आभूषण खरीद रहे हैं।

प्रॉपर्टी बाजार में भी धनतेरस पर रजिस्ट्री की तैयारी है। शुभ मुहूर्त में दस्तावेजों का पंजीयन कराने के लिए भोपाल के आईएसबीटी और परी बाजार स्थित दोनों रजिस्ट्रार कार्यालय खुले रहेंगे। इस दिन 500 से अधिक रजिस्ट्रियों का अनुमान है।

इंदौर में इस बार दीपावली पर पिछले साल की तुलना में ज्यादा कारोबार होने की संभावना है। ऑटोमोबाइल, सोना-चांदी और बर्तन बाजार में ग्राहकों की अच्छी संख्या पहुंच रही है। पिछले साल शहर में वाहन कारोबार 500 करोड़ रुपये से अधिक रहा था। इस दौरान करीब 4000 कारें और 11 हजार दोपहिया वाहन बिके थे।

इस बार कारों की बिक्री 5000 से अधिक और दोपहिया वाहनों की संख्या 12 हजार के पार पहुंचने का अनुमान है। कुल कारोबार करीब 1200 करोड़ रुपये तक जा सकता है।

इंदौर चांदी-सोना जवाहर एसोसिएशन के सह सचिव ईश्वर जैन के मुताबिक, धनतेरस पर सराफा कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है। सोने में निवेश करने वाले ग्राहक कैडबरी की भी खरीदारी कर रहे हैं। इसकी कीमत चार दिनों में 1.42 लाख रुपये से बढ़कर 1.48 लाख रुपये हो गई है।

ग्वालियर में इस बार दीपावली पर 700 से 900 करोड़ रुपये तक का कारोबार होने की संभावना है। महाराज बाड़ा, मुरार और किलागेट के बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही बढ़ गई है। सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन और प्रॉपर्टी की खरीदारी को लेकर बाजारों में उत्साह है।

पिछले साल ग्वालियर में करीब 500 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। इस बार कारोबार में बड़ी बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जा रहा है। भीड़ को देखते हुए महाराज बाड़ा और मुख्य सराफा बाजार को नो व्हीकल जोन बनाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1200 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। बाजारों की निगरानी वॉच टावर, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है।

उज्जैन में भी धनतेरस को लेकर बाजारों में रौनक है। यहां सराफा कारोबार करीब 100 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है। दोपहिया बाजार में करीब 1000 वाहन बिकने से 10 करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। वहीं, कार बाजार में 800 से 1000 वाहनों की डिलीवरी संभावित है। जिससे 20 से 25 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। जमीन और अन्य प्रॉपर्टी की खरीदारी में भी ग्राहक रुचि दिखा रहे हैं।

जबलपुर में धनतेरस के दौरान सराफा बाजार में करीब 120 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। इसके अलावा बर्तन बाजार में 12 करोड़ और रियल एस्टेट सेक्टर में करीब 90 करोड़ रुपये की खरीदारी संभावित है। वाहन बाजार में भी बिक्री को लेकर उम्मीदें हैं। कारों से करीब 2.80 करोड़ रुपये और मोटरसाइकिलों से लगभग 2.25 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया गया है।