महासमुंद जेल ब्रेक, जेल की 21 फीट ऊंची दीवार फांदकर 5 कैदी फरार

महासमुंद जिला जेल की दीवार कूदकर 5 कैदी फरार हो गए हैं, कई दिनों से भागने की फिराक में थे कैदी, लूट, डकैती औऱ रेप के आऱोपी थे, कोर्ट में चल रहा था केस, कैदियों की तलाश में जुटी पुलिस

Updated: May 06, 2021, 01:32 PM IST

Photo courtesy: Hindi News
Photo courtesy: Hindi News

महासमुंद। जिला जेल की दीवार फांदकर 5 कैदी फरार हो गए हैं। खबर है कि ये कैदी कई दिनों से भागने की फिराक में थे। गुरुवार दोपहर कैदियों ने दीवार फांदीं। कैदियों के भागने की सूचना पर जिला जेल के जेलर ने अपनी स्कूटर से कैदियों को पकड़ने की नाकाम कोशिश भी की। लेकिन कैदी भाग खड़े हुए। कैदियों की तलाश की जा रही है।

कोर्ट में इन सभी कैदियों का केस चल रहा था। जेल प्रबंधन की मानें तो तीन कैदियों पर लूट और डकैती का केस चल रहा था। एक रेप का आरोपी था। एक कैदी ड्रग्स की तस्करी के आरोप में जिला जेल में बंद था। जैसे ही कैदी जेल से भागे वैसे ही वहां सायरन बज उठा। जिसके बाद पुलिस एक्टिव हो गई है। कैदियों ने भागने के लिए जेल की पिछली दीवार का उपयोग किया था। इन्हें पकड़ने के लिए महासमंद पुलिस ने शहर में सख्ती से जांच शुरू कर दी है। हर चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस अलर्ट पर है।

अब हर आने-जाने वाले की जांच की जा रही है। फरार कैदियों की पहचान धनसिंह, डमरूधर, राहुल, दौलत और करण के रुप में हुई है। जेल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार चार कैदी महासमुंद जिले के ही रहने वाले थे। वहीं एक एक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला था। चार कैदी 2019 से जेल में थे। वहीं एक कैदी 2020 में ही महासमुंद जिला जेल लाया गया था।

जेल में पूछताछ करने पर साथी कैदियों ने बताया कि कई दिनों से उन पांचों कैदियों की हरकते संदिग्ध थी। फरार कैदी जेल की पिछली दीवार फांदकर फरार हुए है। जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है। जेल ब्रेक की घटना की खबर पर पुलिस प्रशासन के आला अफसर मौके पर पहुंचे। खोजबीन की जा रही है।

जेल ब्रेक की इस घटना से जेल की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि जेल के अंदर ही किसी कर्मचारी या फिर किसी और पुराने कैदी ने जेल से भागने में इन पाचों की मदद की होगी। बता दें की महासमुंद जिला जेल के आसपास खाली जमीन और जंगल हैं। वहीं जेल में लगी फेंसिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।