मुंबई में सोनू निगम और उनकी टीम पर हमला, इवेंट के दौरान स्टेज की सीढ़ियों से धकेला

सोनू निगम और उनकी टीम मुंबई के चेंबूर में एक म्यूजिक इवेंट में परफॉर्म कर रहे थे। इस इवेंट के दौरान सोनू और उनकी टीम के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई।

Updated: Feb 21, 2023, 03:55 AM IST

Photo Courtesy: The Lallantop
Photo Courtesy: The Lallantop

मुंबई। बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम और उनकी टीम के साथ मुंबई में धक्का-मुक्की की गई। इसमें सोनू की टीम के 2 लोग घायल हो गए, जिन्हें बाद में अस्पताल ले जाया गया। दरअसल, सोनू निगम और उनकी टीम मुंबई के चेंबूर में बीती रात को एक म्यूजिक इवेंट कर रहे थे। इवेंट के दौरान शिव सेना उद्धव गुट के विधायक प्रकाश फाटेरपेकर का बेटा स्वपनिल प्रकाश फाटेरपेकर सोनू के साथ जबरदस्ती सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान धक्का-मुक्की हुई। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, विधायक के बेटे ने सोनू की मैनेजर सायरा के साथ भी दुर्व्यहार किया। मामले का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि स्टेज की सीढ़ियों से सोनू निगम और उनकी टीम को धक्का दिया गया। बताया जा रहा है कि विधायक का बेटा स्टेज पर जाकर सोनू निगम के साथ सेल्फी लेना चाहता था। उनकी टीम द्वारा रोके जाने पर वह भड़क गया और धक्का-मुक्की करने लगा।

उसने सोनू को स्टेज की सीढ़ियों से धक्का दे दिया। नतीजतन सोनू सीढ़ियों से दूर जाकर गिरें। गनीमत है कि सोनू निगम को चोट नहीं आई है। उनकी टीम के दो सदस्यों को अस्पताल ले जाया गया है। सोनू निगम ने इस मामले में मुंबई पुलिस से शिकायत भी की है।
सोनू निगम ने मीडिया से कहा, “कॉन्सर्ट के बाद, मैं स्टेज की सीढ़ियों से उतर रहा था। तभी एक आदमी स्वपनिल प्रकाश फाटेरपेकर ने मुझे पकड़ा। उसने मुझे बचाने आए हरी और रब्बानी को धक्का दे दिया। तब मैं भी सीढ़ियो से गिर गया। मैंने पुलिस मेंं एक 
शिकायत दर्ज की है। लोगों को जबरदस्ती सेल्फी लेने से पहले सोचना चाहिए।"

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोनू निगम चेंबूर में जिस शो में परफॉर्म करने गए थे, वो शिव सेना नेता प्रकाश फतेरपेकर ने ही आयोजित कराया था। यानी आयोजक के बेटे ने ही सोनू और उनकी टीम के साथ दुर्व्यवहार किया। मामले पर शिव सेना नेता प्रकाश फाटेरपेकर ने कहा कि सोनू निगम जब स्टेज से नीचे आ रहे थे। तभी कुछ लोग सेल्फी लेने के लिए उनकी तरफ दौडे़। सोनू के बॉडीगार्ड्स ने लोगों को हटाने की कोशिश की। इसी दौरान सोनू की टीम के एक सदस्य को उनके बॉडीगार्ड ने गलती से धक्का दे दिया। हालांकि, सोनू को कुछ नहीं हुआ है।