शेयर मार्केट में हाहाकार, सेंसेक्स 1100 अंक लुढ़का, निवेशकों के 8 लाख करोड़ रुपए डूबे

बैंकिंग और मेटल सेक्टर के शेयरों में गिरावट के कारण शेयर बाजार क्रैश हो गया। कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील, पावर ग्रिड और एशियन पेंट्स टॉप लूजर्स में शामिल रहे।

Updated: Jan 06, 2025, 01:12 PM IST

नई दिल्ली। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में आज हाहाकार मची हुई है। शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी 50 ने बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। अमेरिकी बाजार में मजबूती का असर भारतीय बाजारों पर भी दिखा। लेकिन थोड़े ही देर में बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली।

आज यानी 6 जनवरी को सेंसेक्स 58 अंक की तेजी के साथ 79,281 के स्तर पर ओपन हुआ। निफ्टी में भी 40 अंक की बढ़त के साथ 24,045 के स्तर पर खुला। बैंकिंग और मेटल सेक्टर के शेयरों में गिरावट के कारण बाजार क्रैश हो गया। 12 बजे के करीब  बीएसई सेंसेक्स 1,131.53 अंकों या 1.43% की गिरावट के साथ 78,091.58 पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 384.75 अंकों या 1.6% की गिरावट के साथ 23,620.00 पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 में गिरावट और 1 में तेजी है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 48 में गिरावट और 3 में तेजी है। NSE सेक्टोरल इंडेक्स में PSU बैंक सबसे ज्यादा 3.68% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। बाजार में बिकवाली के कारण निवेशकों की संपत्ति में आज 8.3 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई, जिससे वैल्यूएशन घटकर 441.48 लाख करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले सत्र में 449.78 लाख करोड़ रुपये था।

बीएसई पर लिस्टेड शेयरों में बजाज फाइनेंस, टाइटन, इंफोसिस, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और टेक महिंद्रा सबसे बड़े गेनर्स रहे। वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील, पावर ग्रिड और एशियन पेंट्स टॉप लूजर्स में शामिल रहे।

इससे पहले शुक्रवार यानी 3 जनवरी को सेंसेक्स 720 अंक की गिरावट के साथ 79,223 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 183 अंक की गिरावट रही, ये 24,004 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में गिरावट और 10 में तेजी थी। निफ्टी के 50 शेयरों में से 32 में गिरावट और 18 में तेजी थी।