Elon Musk फिर बने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति, बर्नार्ड अरनॉल्ट को पीछे छोड़ा

बीते साल दिसंबर में जब टेक इंडस्ट्री मुश्किलों से गुजर रही थी तो मस्क की संपत्ति में गिरावट आई। जिसका फायदा अर्नाल्ट की कंपनी एलवीएमएच को मिला था।

Updated: Jun 01, 2023, 10:32 AM IST

टेस्ला इंक के सीईओ एलन मस्क फिर से दुनिया के सबसे अमीर इंसान बन गए हैं। एलन मस्क ने लग्जरी ब्रांड टाइकून बर्नार्ड अर्नाल्ट को पीछे छोड़ दिया। बर्नार्ड अर्नाल्ट की कंपनी LVMH के शेयरों में बुधवार को 2.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। जिसके चलते अर्नाल्ट को नुकसान उठाना पड़ा और वह सबसे अमीर बिजनेसमैन की लिस्ट में दूसरे नंबर पर खिसक गए। 

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स में इस साल टॉप स्थान के लिए टक्कर देखी जा रही थी। कभी एलन मस्क तो कभी बर्नार्ड अरनॉल्ट टॉप स्थान पर थे। हालांकि, ज्यादा समय तक इस साल बर्नार्ड अरनॉल्ट दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने रहे। वहीं एलन मस्क दूसरे स्थान पर थे।

अरनॉल्ट की कुल संपत्ति से एक ही दिन में 11 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। वहीं बुधवार को इनकी कुल संपत्ति में 5.25 अरब डॉलर का घाटा हुआ है। अब बर्नार्ड अरनॉल्ट की कुल संपत्ति 187 अरब डॉलर हो चुकी है। हालांक इस साल इनकी संपत्ति में 24.5 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।

वहीं, दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने एलन मस्क की संपत्ति बढ़कर 192 अरब डॉलर हो चुकी है। ब्लूमवर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक, एलन मस्क की कुल संपत्ति में बुधवार को 1.98 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। इस साल इनकी कुल संपत्ति 55.3 अरब डॉलर बढ़ी है।

बर्नार्ड अरनॉल्ट 74 साल के फ्रांसीसी बिजनेस टाइकून हैं। ये पहली बार दिसंबर 2022 में मस्क को पीछे छोड़कर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने थे। अरनॉल्ट ने LVMH की स्थापना की, जिसके पास लुई वुइटन, फेंडी और हेनेसी सहित ब्रांड हैं। ब्लूमबर्ग समाचार एजेंसी के मुताबिक, चीन के महत्वपूर्ण बाजार में धीमी आर्थिक बढ़ोतरी के बीच लग्जरी सेक्टर में कमी आई है। ऐसे में एलवीएमएच के शेयरों में अप्रैल के बाद से करीब 10 फीसदी की गिरावट आई है।