Unlock 1 : वक्त पर इलाज नहीं मिलने से फिल्म निर्माता अनिल सुरी की मौत

अनिल सुरी के भाई ने कहा कि लीलावती और इंदुजा अस्पतालों ने बेड की कमी का हवाला देकर भर्ती करने के इनकार कर दिया।

Publish: Jun 06, 2020, 10:44 PM IST

Photo courtesy : indianfilmhistory
Photo courtesy : indianfilmhistory

2020 का साल बॉलीवुड के लिए काल बन कर आया है। बॉलीवुड की एक और नामी हस्ती का निधन हो गया है। बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता रहे अनिल सुरी का 77 साल की उम्र में निधन हो गया है। अनिल सुरी की मृत्यु कोरोना के कारण हुई है। उन्होंने शुक्रवार शाम को अंतिम सांसें ली।

अस्पतालों ने भर्ती करने से किया था इनकार 
मशहूर फिल्म निर्माता अनिल सुरी का कोरोना के कारण 77 साल की उम्र में मुंबई में निधन हो गया है। इसी बीच उनके भाई राजीव सुरी ने एबीपी न्यूज़ को बताया कि अनिल सुरी लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बुधवार को उनको तेज़ बुखार आया। अगले ही दिन उनको सांस लेने में भी तकलीफ होने लगी। इसके बाद अनिल सुरी को पहले लीलावती और फिर इंदुजा अस्पताल ले जाया गया। लेकिन दोनों ही अस्पतालों ने बेड की कमी का हवाला देकर भर्ती करने के इनकार कर दिया। जिसके बाद उन्हें मुंबई के विले पार्ले स्थित एडवांस मल्टिकेयर अस्पताल ले गए। जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। अनिल सुरी कोरोना से जंग जीत नहीं पाए और उनका निधन हो गया।

इन फिल्मों का किया निर्माण 
मशहूर फिल्म निर्माता अनिल सुरी ने राज तिलक, कर्मयोगी, बेगुनाह आदि जैसी मशहूर फिल्मों का निर्माण किया। अनिल सुरी ने अमिताभ बच्चन - मौसमी चटर्जी स्टारर ' मंज़िल ' का भी निर्माण किया था। गौरतलब है कि मंज़िल के निर्देशक, मशहूर फिल्म निर्देशक बासु चटर्जी का भी गुरुवार को 93 साल की उम्र में निधन हो गया।

गौरतलब है कि एक के बाद एक लगातार बॉलीवुड की नामी हस्तियां इस दुनिया को अलविदा कह रही हैं। मशहूर अभिनेता इरफान खान, ऋषि कपूर और संगीतकार वाजिद ख़ान के बाद अब अनिल सुरी का निधन हो गया है। बता दें कि मशहूर संगीतकार वाजिद ख़ान का निधन भी कोरोना के कारण हुआ था।