भारत आ रहे जहाज पर होर्मुज स्ट्रेट में ईरान का हमला, इस्लामिक गार्ड्स ने कब्जे में लिया
डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर आगे बढ़ाने का ऐलान किया तो वहीं दूसरी ओर ईरान की आईआरजीसी ने होर्मुज स्ट्रेट में 2 जहाजों पर हमला बोल दिया।
अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता ठप होने और सीजफायर पर अनिश्चितता के बीच हालात तेजी से बिगड़ते दिख रहे हैं। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान ने आक्रामक रुख अपनाते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे दो जहाजों को जब्त कर लिया है। Islamic Revolutionary Guard Corps (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि ये जहाज बिना इजाजत होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। इनमें एक जहाज भारत आ रहा था।
लाइबेरिया के फ्लैग वाला एपामिनोडेस नाम का यह कंटेनर शिप गुजरात के मुंद्रा पोर्ट की ओर जा रहा था। ईरानी नौसेना के मुताबिक जहाज के नेविगेशन सिस्टम में छेड़छाड़ की गई थी, जिससे समुद्री सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ। कार्रवाई के दौरान IRGC ने जहाज को इंटरसेप्ट कर अपने कब्जे में लिया और उसे तट की ओर ले गई। इसके अलावा इजराइल से जुड़े फ्रांसेस्का नाम के दूसरे जहाज को भी जब्त किया गया है। इसके अलावा यूफोरिया नाम के जहाज पर हमला भी किया गया है।
इससे पहले खबरें आई थीं कि एक जहाज पर ईरान के पास फायरिंग हुई, जबकि दूसरा ओमान के तट के पास हमले में क्षतिग्रस्त हुआ था। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका, पाकिस्तान की अपील पर ईरान के साथ चल रहे युद्धविराम (सीजफायर) को आगे बढ़ा रहा है। हालांकि उन्होंने यह नहीं कहा कि यह कितने दिन के लिए बढ़ाया गया है।
डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान में इस समय नेतृत्व और सरकार में एकजुटता नहीं है। ऐसे वक्त में पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ आसिम मुनीर ने उनसे ईरान पर कुछ समय तक हमले रोकने की अपील की, ताकि ईरान को साझा प्रस्ताव तैयार करने का वक्त मिल सके।




