बोलीविया में क्रैश हुआ करेंसी से भरा सेना का विमान, 15 लोगों की मौत और 30 घायल

बोलीविया के एल आल्टो में वायुसेना का हरक्यूलिस विमान खराब मौसम में लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर सड़क पर क्रैश हो गया। हादसे में 15 लोगों की मौत और 30 से ज्यादा घायल हुए।

Updated: Feb 28, 2026, 10:44 AM IST

बोलीविया। बोलीविया के एल आल्टो शहर में शनिवार सुबह (भारतीय समयानुसार) एक बड़ा विमान हादसा हो गया। वायुसेना का हरक्यूलिस विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होकर रनवे से फिसलता हुआ एयरपोर्ट के पास स्थित व्यस्त सड़क पर जा गिरा। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि, 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, यह सैन्य विमान देश के सेंट्रल बैंक के नए नोट लेकर जा रहा था। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट में बताया गया है कि खराब मौसम के बीच विमान ने लैंडिंग की कोशिश की लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण वह रनवे से फिसल गया और सीधे सड़क पर जा गिरा। जिस समय विमान वहां गिरा उस दौरान सड़क पर कई वाहन मौजूद थे। दुर्घटना की चपेट में आकर करीब 10 से 15 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। 

हादसे के बाद का दृश्य बेहद भयावह था। सड़क पर विमान का मलबा, टूटी हुई कारें और मृतकों के शव बिखरे हुए नजर आए। विमान में मौजूद बैंक के नोट भी आसपास फैल गए जिन्हें उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।

सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में दुर्घटना के बाद अफरातफरी का माहौल दिखाई दिया। भीड़ को हटाने और हालात काबू में करने के लिए अधिकारियों ने पानी की बौछार और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। हालांकि, इन वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।

दुर्घटना के तुरंत बाद एल आल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया जिससे उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई। देश की राष्ट्रीय एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि हादसे का शिकार हुआ विमान उसके बेड़े का हिस्सा नहीं था बल्कि यह वायुसेना द्वारा संचालित किया जा रहा सैन्य विमान था। स्थानीय मीडिया में प्रसारित फुटेज में विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दिया और टक्कर के बाद वह दो हिस्सों में टूट गया।

घटना के बाद बोलिविया के सेंट्रल बैंक ने बताया कि इस मामले पर जल्द प्रेस ब्रीफिंग की जाएगी। वहीं, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन मृतकों की पहचान करने और संपत्ति के नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है। जबकि, राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं।