छात्रों के खिलाफ हिंसा के लिए अमित शाह जिम्मेदार, संसद में जवाब देने का साहस नहींः राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि युवा प्रदर्शनकारियों का लगातार उत्पीड़न हो रहा है, इनको धमकाया जा रहा है। मैं कहना चाहता हूं कि आपने कुछ भी गलत नहीं किया है और आपको किसी से माफी मांगने की जरूरत नहीं है।

Updated: Aug 05, 2026, 07:20 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक और परीक्षा अनिमितताओं के विरोध में हाल में हुए आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कुछ युवाओं से बुधवार को मुलाकात की और आरोप लगाया कि छात्रों के खिलाफ हुई हिंसा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री में यह बुनियादी शिष्टाचार और साहस नहीं है कि 20 जुलाई को छात्रों के खिलाफ हुई हिंसा के मामले पर संसद में पहुंचकर जवाब दें।

राहुल गांधी ने मुंबई की रिया अहीर, उत्तर प्रदेश की फरहा नाज, झारखंड की नूतन टप्पो, मुस्कान और कुछ अन्य युवाओं से मुलाकात की और उनकी बात सुनी। इसके बाद इन युवाओं के साथ ही उन्होंने मीडिया को संबोधित किया और कहा कि छात्रों का लगातार शोषण हो रहा है। छात्रों से जबरन माफी मंगवाने की कोशिश की जा रही है। प्रदर्शनकारी छात्रों के घर गुंडे भेजे जा रहे हैं। ये छात्र भारत के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं। उन्हें माफी मांगने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि ये युवा भारतीय प्रेस के सामने खड़े हैं, लेकिन अमित शाह और प्रधानमंत्री में यहां खड़े होने की हिम्मत नहीं है।

राहुल गांधी ने कहा कि इन युवा प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन्होंने किसी पर हिंसा नहीं की मगर इनका लगातार उत्पीड़न हो रहा है, इनको धमकाया गया, इन पर लाठियां चलाई गईं और इनको मारा गया। इन्होंने मुख्य बात कही कि जब अन्याय होता है, चाहे वो किसी और पर भी हो, एक नागरिक होने के नाते हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम उस आदमी की रक्षा करें। मैं कहना चाहता हूं कि आपने कुछ भी गलत नहीं किया है और आपकी माफी स्वीकार करने का सवाल ही नहीं उठता है। आपको किसी से माफी मांगने की जरूरत नहीं है। आपने कुछ भी गलत नहीं किया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘इस हिंसा के लिए जिम्मेदार व्यक्ति केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हैं, जिन्होंने छात्रों के खिलाफ पैलेट गन के इस्तेमाल का आदेश दिया। उनमें यह बुनियादी शिष्टाचार और साहस भी नहीं है कि संसद में आकर इस मुद्दे पर जवाब दें या अपनी बात रखें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में दो ही संभावनाएं हो सकती हैं। पहली, शाह को यह जानकारी नहीं थी कि बच्चों के खिलाफ हिंसा हुई है। ऐसी स्थिति में वह अक्षम हैं। दूसरी, उन्होंने ही बच्चों के खिलाफ पैलेट गन के इस्तेमाल का आदेश दिया, तो ऐसी स्थिति में वह दोषी हैं।’ राहुल गांधी ने कहा कि दोनों ही स्थितियों में गृह मंत्री जिम्मेदार हैं।

कांग्रेस नेता कहा, ‘मैं हजारों नौजवानों का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने संविधान, शिक्षा व्यवस्था और भारत के भविष्य के लिए संघर्ष किया।’’ उन्होंने कहा कि युवाओं ने साहस का परिचय दिया है और देश को ऐसे ही नौजवानों की जरूरत है। उन्होंने कहा, "ऐसे हजारों-हजार युवा हैं और हमें उन पर गर्व है।'

प्रेस कांफ्रेंस में राहुल गांधी के साथ आए युवाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। मुंबई में प्रोटेस्ट के दौरान छात्रों को पकड़कर ले जा रही पुलिस वैन का रास्ता रोककर खड़ी होने वाली रिया अहीर ने कहा कि उन्हें सोशल मीडिया पर गाली दी जा रही है। लगातार ट्रोलिंग की जा रही है। यह ट्रोलिंग नहीं क्राइम है। हमारा रेट लगाया जा रहा है। आखिर हमने क्या गलत किया है। हम अपने देश के लिए, युवाओं के लिए, छात्रों के लिए आवाज उठा रहे हैं।