चीन से आ रहे ईरानी जहाज पर अमेरिकी नेवी ने किया कब्जा, ईरान ने खाई बदला लेने की कसम

अमेरिकी नेवी के ईरान के झंडे लगे जहाज पर कब्जे के बाद खाड़ी में तनाव बढ़ गया है। ईरान ने अमेरिका पर सीजफायर के उल्लंघन का आरोप लगाया है और कहा है कि वह इसका बदला लेगा।

Updated: Apr 20, 2026, 12:43 PM IST

अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ता जा रहा है। होर्मुज में नाकेबंदी को पार करने की कोशिश कर रहे ईरानी झंडे वाले जहाज को अमेरिकी नौसेना ने कब्जे में ले लिया। इसके बाद ईरान ने भी कार्रवाई की है। ईरानी समाचार एजेंसी के मुताबिक ईरानी बलों ने अमेरिकी नौसैनिक जहाजों को निशाना बनाते हुए ड्रोन हमले किए हैं।

अमेरिका ने ईरान के एक मालवाहक जहाज को अपने कब्जे में ले लिया है। राष्ट्रपति ट्रम्प के मुताबिक टूस्का नामक यह जहाज होर्मुज स्ट्रेट को पार करने की कोशिश कर रहा था। इसे अमेरिकी डेस्ट्रॉयर USS स्प्रूअन्स ने रोका। ट्रम्प के मुताबिक, जहाज ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया, जिसके बाद अमेरिकी मरीन ने उसे रोक लिया। 

 उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'इस वक्त जहाज हमारे कब्जे में है। हम पूरी तरह इसे कंट्रोल में लेकर देख रहे हैं कि इसके अंदर क्या है।' दूसरी तरफ, ईरान के हजरत खातम अल-अनबिया सैन्य मुख्यालय ने कहा कि अमेरिका ने सीजफायर का उल्लंघन किया और ओमान की खाड़ी में ईरान के एक व्यापारिक जहाज पर फायरिंग की, जिससे उसका नेविगेशन सिस्टम खराब हो गया।

तस्नीम मीडिया के मुताबिक यह जहाज चीन से ईरान जा रहा था। ईरान ने इसे समुद्री डकैती करार दिया और कहा कि वे जल्द इसका जवाब देंगे। बता दें कि यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब दोनों पक्षों के बीच इस्लामाबाद में वार्ता का नया दौर शुरू होने की उम्मीद लगाई जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि पाकिस्तान में दोनों देशों के प्रतिनिधि सोमवार को मिलेंगे, लेकिन ईरान ने बातचीत से इनकार किया है।