जबलपुर में ट्रक ने 5 लोगों को कुचला, ढाबे के बाहर आग ताप रहे 3 लोगों की मौत और 2 घायल
जबलपुर के भेड़ाघाट क्षेत्र में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े वाहनों और ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, दो घायल हैं।
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने ढाबे के बाहर खड़े लोगों और सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, ढाबा संचालक समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। टक्कर के बाद ट्रक भी सड़क पर पलट गया था।
दुर्घटना रात करीब 3 बजे सोनू ढाबे के सामने हुई थी। ट्रक (MP 20 HB 1200) शहपुरा की तरफ से जबलपुर आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी बोलेरो, कार और एक लोडिंग वाहन को टक्कर मारी थी। इसके बाद ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को कुचल दिया था। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक वाहन दो हिस्सों में टूट गया। जबकि, कुछ वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे थे।
यह भी पढ़ें:सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी मर्डर के आरोपी जीशान अख्तर का जुड़ा नाम
सब इंस्पेक्टर अभिषेक कैथवास ने बताया कि मृतकों की पहचान रामपुर (गोरखपुर) निवासी मोनू भंडारी, मुरैना निवासी बलराम सिंह और धर्मेंद्र आदिवासी के रूप में हुई है। धर्मेंद्र ढाबे में कर्मचारी था। हादसे में सोनू और ढाबा संचालक घायल हुए हैं। पुलिस ने ट्रक जब्त कर उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
हादसे के वक्त ढाबे पर कुछ लोग खाना खाने के लिए रुके थे। जबकि, कुछ अपनी गाड़ियों में सो रहे थे। देवास निवासी लोडिंग वाहन चालक बंसीलाल ने बताया कि वह खाना खाने के लिए ढाबे में बैठे थे। उनका वाहन सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान ट्रक ने बोलेरो और कार को टक्कर मारते हुए उनके वाहन को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के कारण उनका वाहन गड्ढे में जा गिरा। बंसीलाल सुरक्षित बच गए लेकिन गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
देवास के ही राज ने बताया कि वह अपने भाई के साथ ढाबे के पास गाड़ी में सो रहे थे। अचानक हुई जोरदार टक्कर से उनकी नींद खुली। उनका वाहन भी गड्ढे में गिर गया था। बाहर निकलने पर सड़क पर क्षतिग्रस्त गाड़ियां और घायल लोग पड़े थे। उन्होंने बताया कि एक वाहन दो हिस्सों में टूट चुका था।
यह भी पढ़ें:बैतूल में नशामुक्ती के लिए जहरीला काढ़ा पीने से 2 की मौत और 5 बीमार, 2 बाबाओं समेत 3 गिरफ्तार
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की। देवेश गुप्ता के मुताबिक, दुर्घटना में घायल लोगों को उनके बेटे ने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रक चालक नशे में था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी। भेड़ाघाट थाने के एएसआई तेजराम ने बताया कि घटना के समय पुलिसकर्मी रात्रि ड्यूटी पर तैनात थे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।




