दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, ATS ने UP से पकड़ा

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मामले में यूपी ATS ने मंगलवार रात एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

Updated: Nov 11, 2026, 02:49 PM IST

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में उत्तर प्रदेश ATS को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने मंगलवार रात उत्तर प्रदेश के दो शहरों में जांच के बाद एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उसके ईमेल अकाउंट से बड़ी संख्या में धमकी भरे संदेश मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, पूछताछ में संदिग्ध ने दावा किया कि वह अपना ईमेल अकाउंट किसी दूसरे व्यक्ति को बेच चुका है। अब ATS उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है जिसने ईमेल खरीदा था।

जांच में सामने आया है कि धमकी भरा संदेश ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था। इसमें दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट के मंच को इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। इस संदेश के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ATS ने ईमेल के तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें:BJP नेता निकला दरभंगा चांदी लूटकांड का मास्टरमाइंड, नगर महामंत्री विशाल कुमार समेत 5 गिरफ्तार

धमकी भेजने वाले की पहचान के लिए ATS ने ईमेल का IP एड्रेस ट्रेस किया। तकनीकी जांच के आधार पर एजेंसी उत्तर प्रदेश के दो शहरों तक पहुंची और मंगलवार रात एक संदिग्ध को पकड़ लिया। उसके ईमेल अकाउंट की जांच में कई धमकी भरे संदेश मिलने की जानकारी सामने आई। पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने बताया कि उसने अपना ईमेल अकाउंट किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था। 

ऐसे में जांच एजेंसी के सामने अब यह पता लगाने की चुनौती है कि धमकी भरे संदेश उसने खुद भेजे थे या ईमेल खरीदने वाले व्यक्ति ने अकाउंट का इस्तेमाल किया। ATS ईमेल अकाउंट की खरीद बिक्री, उसके इस्तेमाल और धमकियां देने के पीछे की मंशा की पड़ताल कर रही है।

इस मामले में जांच का दायरा सिर्फ इंदौर कॉन्सर्ट तक सीमित नहीं है। इसी तरह के धमकी भरे ईमेल में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले जलसा को भी बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। एक ही ईमेल अकाउंट से बड़ी संख्या में धमकी भरे संदेश मिलने की जानकारी के बाद एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन घटनाओं के पीछे एक ही व्यक्ति या कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं है।

यह भी पढ़ें:असम में रेल हादसा: इंजन समेत पटरी से उतरे सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस के 6 डिब्बे, 50 यात्री घायल

धमकी के बीच दिलजीत दोसांझ ने इंदौर आने को लेकर अपना उत्साह भी जाहिर किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इंदौर की मशहूर छप्पन दुकान की पुरानी तस्वीरें साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'मैं आऊंगा और सबसे पहले पोहा खाऊंगा।' दिलजीत की इस पोस्ट के बाद उनके प्रशंसकों में कॉन्सर्ट को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। उनका कार्यक्रम 15 नवंबर को इंदौर में प्रस्तावित है। वहीं, धमकी के मामले में ATS की जांच जारी है और ईमेल खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है।