गणतंत्र दिवस पर MP में 217 कैदियों की हुई रिहाई, अच्छे आचरण का मिला इनाम

भोपाल में 16 बंदी रिहा हुए हुए, इंदौर सेंट्रल जेल से 26 जबकि रीवा से छूटे 15 कैदी, अच्छे आचरण के कारण रिहा करने का फैसला

Updated: Jan 26, 2023, 12:38 PM IST

भोपाल। देश आज अपना 74 वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश की जेलों में बंद सैंकड़ों कैदियों की रिहाई हुई है। गुरुवार को मध्य प्रदेश के विभिन्न जेलों में बंद कुल 217 कैदियों को रिहा किया गया। इन कैदियों को जेल के भीतर अच्छे आचरण के कारण रिहा किया गया है।

जानकारी के मुताबिक राजधानी भोपाल में कुल 16 बंदी रिहा हुए हुए हैं। इनमें 15 कैदी सेंट्रल जेल से जबकि एक कैदी खुली जेल से रिहा हुआ है। वहीं इंदौर सेंट्रल जेल से भी 26 कैदियों को रिहा किया गया। उधर रीवा से 15 कैदी बाहर आए हैं।

इंदौर सेंट्रल जेल के अधीक्षक अलका सोनकर ने बताया कि यहां से 24 पुरुष और दो महिला बंदियों की रिहाई हुई है। उन्होंने बताया कि 20 वर्ष की सजा पूर्ण कर चुके बंदियों की पिछले दिनों लिस्ट तैयार की गई थी, जिनका जेल में आचरण काफी अच्छा रहा उन बंदियों को मध्य प्रदेश शासन के अनुशंसा पर रिहा किया गया।

यह भी पढ़ें: भोपाल से MP में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत, देशभर में 6 लाख गांवों तक राहुल का संदेश पहुंचाने की योजना

दरअसल, केंद्रीय जेल विभाग ने अच्छे व्यवहार और चाल-चलन वाले कैदियों की रिहाई का प्रस्ताव भेजा था, जिसे शासन ने स्वीकृत कर रिहाई की है। इसके लिए जेल प्रशासन ने परिवारों को सूचना दी थी, जिसके चलते परिजन भी केंद्रीय जेल पहुंचे थे। कैदी परिवार को साथ देखकर भाव विभोर भी हो गए। वहीं जिनके परिजन जेल नहीं पहुंचे, उनको जेल प्रशासन ने घर पहुंचाने की व्यवस्था कराई।

बता दें कि आजादी के अमृत महोत्सव पर साल में 4 बार बंदियों की रिहाई हो रही है। अभी तक सिर्फ स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर कैदियों को छोड़ने का प्रावधान था, लेकिन राज्य सरकार के आदेश के बाद अब कैदियों को वर्ष में 4 बार छोड़े जाने का प्रावधान किया गया है। अब स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस के अलावा दो अन्य दिन गांधी जयंती व अंबेडकर जयंती के अवसर पर रिहाई करने का प्रावधान है।