उज्जैन में बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, 13 महिलाएं समेत 18 लोग घायल

उज्जैन में ओवरटेक करते समय बारातियों से भरी बस बेकाबू होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 18 लोग घायल हो गए।

Updated: Mar 27, 2026, 05:30 PM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यह भीषण दुर्घटना जहांगीरपुर गांव के पास हुई। हादसे में इंदौर से खाचरोद जा रही बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में 18 लोग घायल हो गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य के चलते रास्ता संकरा था और ओवरटेक करने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ने से बस पलट गई।

हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में बाराती सवार थे। बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पांच एंबुलेंस के जरिए उज्जैन जिला अस्पताल रेफर किया गया है। नायब तहसीलदार प्रियंका जैन के अनुसार, हादसे में कुल 18 लोग घायल हुए हैं। इनमें 13 महिलाएं, 4 बच्चे और 1 पुरुष शामिल हैं। इनमें से 8 घायलों को उज्जैन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि, बाकी का इलाज खाचरोद के अस्पताल में चल रहा है।

यह भी पढ़ें:भोपाल AIIMS के सामने निर्माणाधीन इमारत का छज्जा गिरा, हादसे में 8 लोग घायल

घायलों में अलिना (16), गुलब शाह (26), शब्बा (35), शबाना (35), सलमा बी (55), मुस्कान (22), राबिया बी (34), सन्ना बी (21), शाहनवाज (22), रानी (35), शिफा (12), आलिया (11), परवेज (11), नोशाद बी (42), नारोबी (50), फिरदौस (13) और अली हसन (7) शामिल हैं। सभी को अलग-अलग तरह की चोटें आई हैं और डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

दूसरी ओर राज्य के डिंडौरी जिले के अमरपुर चौकी क्षेत्र में भी शुक्रवार दोपहर एक अन्य सड़क हादसा हुआ। वहां ग्राम देवरी चौरा रैयत के पास सवारियों से भरा एक मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपुर में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, वाहन में व्यापारी और अन्य लोग समनापुर के साप्ताहिक हाट बाजार जा रहे थे। हादसे में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। जबकि, कुछ लोग मामूली चोट लगने के बाद मौके से ही चले गए।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत