भारतीय हॉकी टीम की नई नारंगी जर्सी पर विवाद, पूर्व कप्तान ने उठाए सवाल

एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय हॉकी टीम की नई नारंगी जर्सी पर विवाद गहरा गया है। पूर्व कप्तान विरेन रास्किन्हा और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने नीली जर्सी बदलने पर ऐतराज जताया है।

Updated: Jul 30, 2026, 05:31 PM IST

एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय हॉकी टीम की नई जर्सी विवादों में घिर गई है। सालों तक नीले रंग की जर्सी में खेलने वाली भारतीय टीम अब आगामी विश्व कप में नारंगी रंग की किट पहनकर मैदान पर उतरेगी। हॉकी इंडिया द्वारा 27 जुलाई को पुरुष और महिला टीमों की नई जर्सी लॉन्च किए जाने के बाद इस फैसले पर बहस छिड़ गई है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विरेन रास्किन्हा ने जर्सी का रंग बदलने पर आपत्ति जताई है। जबकि, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप कुमार टिर्की ने इसे खिलाड़ियों की पसंद पर आधारित फैसला बताया है।

पूर्व कप्तान विरेन रास्किन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भारतीय हॉकी टीम की पहचान हमेशा नीली जर्सी रही है और उसे बदलने का कोई स्पष्ट कारण समझ नहीं आता। उन्होंने लिखा कि हॉकी इंडिया ने भारतीय हॉकी के लिए कई सकारात्मक काम किए हैं लेकिन जर्सी का रंग बदलने का फैसला निराशाजनक है। उनके मुताबिक, उन्होंने सालों तक गर्व के साथ नीली जर्सी पहनी है और प्रशंसक भी टीम को इसी रंग में देखने के आदी हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर नारंगी या भगवा रंग अपनाने के पीछे क्या तर्क है।

यह भी पढ़ें:आम है बेहद खास: पाचन से लेकर दिल और आंखों तक सेहत को देता है कई फायदे

विरेन रास्किन्हा भारतीय हॉकी के प्रमुख खिलाड़ियों में रहे हैं। वह 2001 में जूनियर वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे और बाद में सीनियर टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। उन्होंने 2004 एथेंस ओलंपिक, 2006 हॉकी वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंटों में भारत का प्रतिनिधित्व किया तथा अपने दौर के बेहतरीन मिडफील्डरों में गिने जाते हैं।

विवाद के बीच हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप कुमार टिर्की ने नई जर्सी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि रंग बदलने का फैसला खिलाड़ियों, दोनों टीमों के कप्तानों, कोच और सपोर्ट स्टाफ की राय के बाद लिया गया है। टिर्की ने यह भी कहा कि यदि विश्व कप के बाद खिलाड़ियों को यह जर्सी पसंद नहीं आती है तो भविष्य में इसके रंग पर दोबारा विचार किया जा सकता है।

नई जर्सी को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भारतीय हॉकी टीम की पारंपरिक नीली जर्सी की जगह नारंगी रंग अपनाने की आलोचना करते हुए कहा कि देश की पहचान सत्य, अहिंसा और भाईचारे जैसे मूल्यों से जुड़ी है और इन्हें बदला नहीं जा सकता।

यह भी पढ़ें:अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, इमोशन वीडियो में किया संन्यास का ऐलान

एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का 16वां संस्करण 14 से 30 अगस्त 2026 के बीच बेल्जियम के वावरे और नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन में आयोजित होगा। भारतीय टीम लगभग पांच दशक बाद विश्व कप खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ इस टूर्नामेंट में उतरेगी। भारत ने अब तक केवल एक बार 1975 में हॉकी विश्व कप का खिताब जीता था और उसके बाद से टीम दोबारा विश्व चैंपियन बनने का इंतजार कर रही है।