नीमच-नयागांव हाईवे ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन दोस्तों की मौत, एक की हालत गंभीर
नीमच के नयागांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सांवलिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे चार लोगों की कार ट्रक में जा टकराई। कार में सवार दोस्तों में तीन की मौके पर मौत और एक गंभीर रूप से घायल है।
नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के नयागांव के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मध्य प्रदेश-राजस्थान सीमा के करीब पौने 2 बजे एक तेज रफ्तार आई-20 कार आगे चल रहे ट्रक (ट्रॉले) के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार दोस्तों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान मल्हारगढ़ निवासी युवा व्यवसायी पिंकेश मांदलिया, उनके साथी भारत मोरी (डांगी) और लसूड़िया कदमाला निवासी गोवर्धन लसूड़िया के रूप में हुई है। वहीं, भैंसाखेड़ा निवासी राय सिंह पिता गोरा कछावा गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। चारों दोस्त मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ से सांवलिया सेठ के दर्शन करने के बाद अपनी आई-20 कार से लौट रहे थे। इस दौरान नयागांव बैरियर और फाटक के बीच कार अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी।
यह भी पढ़ें:भोपाल मेट्रो का टिकट सिस्टम फेल, 80 यात्रियों को ग्रुप टिकट न मिलने पर हंगामा
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही नयागांव पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक पिंकेश मांदलिया अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन के सक्रिय सदस्य थे। उनके निधन की खबर मिलते ही मल्हारगढ़ नगर सहित आसपास के व्यापारिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचकर अंतिम दर्शन करने पहुंचे।
यह भी पढ़ें:MP में शीतलहर और घने कोहरे का डबल अटैक, पचमढ़ी सबसे ठंडा, 25 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे




